सात जिलों की 20 सीटों पर महिला मतदाता अधिक पर मतदान में पुरुष आगे, निर्वाचन आयोग ने कही ये बात

November 21, 2023

 सात जिलों की 20 सीटों पर महिला मतदाता अधिक पर मतदान में पुरुष आगे, निर्वाचन आयोग ने कही ये बात





चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने महिलाओं पर सर्वाधिक फोकस किया था।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रत्येक सभा में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना को केंद्र में रखकर प्रचार किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा सरकार की महिला सशक्तीकरण की इस योजना की बात प्रमुखता से रखी। उधर कांग्रेस ने भी प्रचार में महिलाओं को केंद्र में रखा।

जेएनएन, भोपाल। मध्य प्रदेश का विधानसभा चुनाव लाड़ली बहना, सस्ता रसोई गैस सिलेंडर देने सहित अन्य योजनाओं को आगे रखकर लड़ा गया था। 230 सदस्यीय विधानसभा में 20 सीटें ऐसी हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक है लेकिन इन सीटों पर मतदान में पुरुष आगे रहे हैं।

केवल निवास, बैहर और परसवाड़ा सीटें ही ऐसी रहीं, जहां पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत अधिक रहा है। प्रदेश के बड़वानी, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट जिलों में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। प्रदेश में इस बार महिलाओं का मतदान प्रतिशत 74.03 से बढ़कर 76.03 हो गया।

34 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया लेकिन जिन 20 सीटों पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले अधिक थी, वहां 17 सीटों पर पुरुषों ने मताधिकार का उपयोग अधिक किया। पिछले चुनाव में मंडला, बैहर, परसवाड़ा, बालाघाट, वारासिवनी और कटंगी में महिलाओं का मतदान अधिक रहा था।

निवास में 82.05, बैहर में 85.77 और परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 86.98 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान कर बढ़त जरूर बनाई। शहपुरा 81.92, डिंडौरी 82.81, बिछिया 82.05, मंडला 82.05, बालाघाट 83.55, वारासिवनी 85.25, कटंगी 86.29, रतलाम सिटी 71.39, सैलाना 88.77, जावरा 82.85, सेंधवा 75.04, पानसेमल 75.56, आलीराजपुर 64.74, जोबट 52.49, झाबुआ 64.46, थांदला 86.02 और पेटलावद विधानसभा में 78.48 प्रतिशत महिला मतदान रहा, जो पुरुषों की तुलना में कम है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने बाद मतदान को लेकर विश्लेषण कराया जाएगा और फिर लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी की जाएगी, ताकि मतदान का प्रतिशत बढ़ाया जा सके।
महिलाओं पर फोकस था चुनाव

चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने महिलाओं पर सर्वाधिक फोकस किया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रत्येक सभा में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना को केंद्र में रखकर प्रचार किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा सरकार की महिला सशक्तीकरण की इस योजना की बात प्रमुखता से रखी। उधर, कांग्रेस ने भी प्रचार में महिलाओं को केंद्र में रखा।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »