चुनावी सभाओं में पहले और दूसरे नंबर पर रहे शिवराज और सिंधिया; कांग्रेस ने भी नहीं छोड़ी कोई कसर

November 16, 2023

 चुनावी सभाओं में पहले और दूसरे नंबर पर रहे शिवराज और सिंधिया; कांग्रेस ने भी नहीं छोड़ी कोई कसर





इस चुनाव को भाजपा सेमीफाइनल की तर्ज पर लड़ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आचार संहिता लगने से पहले भी लगभग 11 बार मध्य प्रदेश के दौरे किए थे और बाद में सात दिनों में 14 सभा और एक रोड शो इंदौर में किया। इसी तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चार दिन मध्य प्रदेश में प्रचार किया।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मैदान मेें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभाएं लेने में शतक लगाया है। 230 विधानसभा क्षेत्रों में शिवराज 165 सीटों पर पहुंचे और वहां सभाएं ली। दूसरे नंबर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रहे। सभाएं लेने में सिंधिया ने 80 सभा लेकर दूसरे नंबर पर रहे। अन्य नेताओं ने भी मप्र विधानसभा के चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दिया।

सेमीफाइनल की तर्ज पर लड़ रही भाजपा

इस चुनाव को भाजपा सेमीफाइनल की तर्ज पर लड़ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आचार संहिता लगने से पहले भी लगभग 11 बार मध्य प्रदेश के दौरे किए थे और बाद में सात दिनों में 14 सभा और एक रोड शो इंदौर में किया। इसी तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चार दिन मध्य प्रदेश में प्रचार किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मप्र में कई जिलों में प्रचार की कमान संभाली।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अनुराग ठाकुर, निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने प्रदेश कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में सभा की और भाजपा को जिताने की अपील की।
मोदी का गरीब कल्याण और मामा की लाड़ली बहना ने मचाई धूम

मप्र के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब कल्याण को मुद्दा बनाने में सफल रहे तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लाड़ली बहना और लाड़ली आवास योजना ने धूम मचा दी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने में सफल रहे।

मोदी की सर्वाधिक पसंद की गई मुफ्त राशन योजना 'प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना' को अगले पांच साल तक आगे बढ़ाने की घोषणा पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की कि प्रधानमंत्री चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। इसी को आधार बनाकर पीएम ने कांग्रेस पर गरीब विरोधी होने का आरोप लगाया, कांग्रेस इसका जवाब भी नहीं दे पाई।
कमल नाथ-दिग्विजय सिंह ने भी पूरा किया शतक

कांग्रेस में चुनाव प्रचार का मोर्चा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और दिग्विजय सिंह ने संभाला। दोनों सौ से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे। कमल नाथ ने 114 सभा और रोड शो किए तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 125 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने सभा कम और कार्यकर्ता सम्मेलन अधिक किए। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आठ सभा और एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दो रोड शो, आठ सभा और एक नुक्कड़ सभा की। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आठ सभा और एक रोड शो किया।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »