CG Election 2023: 'टारगेट किलिंग' पर सियासी उबाल, BJP नेता की हत्या के बाद एक-दूसरे पर हमलावर भाजपा-कांग्रेस

October 21, 2023

 CG Election 2023: 'टारगेट किलिंग' पर सियासी उबाल, BJP नेता की हत्या के बाद एक-दूसरे पर हमलावर भाजपा-कांग्रेस





भाजपा नेता बिरजूराम तारम की हत्या के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने घटना के लिए कांग्रेस सरकार को दोषी ठहराया है। मामले में कांग्रेस ने भाजपा पर प्रहार करते हुए लाशों पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर कहा कि भाजपा जिस प्रकार से टारगेट किलिंग की बात कर रही उससे आशंका पैदा हो रही है।
राज्य ब्यूरो, रायपुर। विधानसभा चुनाव से पहले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के आदिवासी भाजपा नेता बिरजूराम तारम की हत्या के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में उबाल है। भाजपा सीधे तौर पर कांग्रेस सरकार पर हमलावर है और हत्या के लिए उसे दोषी ठहरा रही है।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि बिरजूराम की टारगेट किलिंग कराई गई है। मामले में कांग्रेस ने भी प्रेस कांफ्रेस लेकर मामले में भाजपा की ही संलिप्तता होने की आशंका जाहिर कर जांच करने की मांग की है। इधर, बिरजूराम की अंतिम यात्रा में शनिवार को भाजपा नेता व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह शामिल हुए और स्वजन को ढाढ़स बंधाया।
गौरतलब है कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ के औंधी क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ग्राम सरखेड़ा में शुक्रवार को देर शाम गोली मारकर भाजपा नेता बिरजूराम तारम की हत्या कर दी गई थी। हथियारों से लैस कुछ लोगों ने घर घुसकर घटना को अंजाम दिया था।
ये टारगेट किलिंग का मामला है: रमन

पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने घटना के लिए कांग्रेस सरकार को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ की जनता को यह निर्णय करना है कि उन्हें कानून व्यवस्था चाहिए या ऐसे आतंक का वातावरण?, पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि “हिंदुस्तान ज़िंदाबाद” बोलने पर भिलाई में जान से मार दिया।

“माता दुर्गा की प्रतिमा” स्थापित करने पर मोहला मानपुर में जान ले ली। “एक वर्ग विशेष” का अत्याचार नहीं सहा तो बिरनपुर में बलिदान हो गए। भाजपा के ध्वज तले जनता की आवाज़ उठाई तो बस्तर में हत्या कर दी, लेकिन यह सरकार कहती है कि “भरोसा” करो, आख़िर किस बात का भरोसा? यह टारगेट किलिंग का मामला है और राजनीतिक षड्यंत्र इसके पीछे है।
बलिदान नहीं जाएगा व्यर्थ: मांडविया

बिरजूराम के अंतिम संस्कार में पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मांडविया ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाने देंगे। कार्यकर्ताओं की इस प्रकार से हत्या बेहद दुखद है जनता हिंसा को कभी पसंद नहीं करती। रायपुर में राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा है कि लोकतंत्र के महापर्व की शुरुआत में भाजपा नेता की हत्या प्रदेश की कपटी सरकार की कानून-व्यवस्था की विफलता का जीता-जागता प्रमाण है।




भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने प्रेस ब्रीफ कर आरोप लगाया कि अब टार्गेट किलिंग, सुपारी किलिंग हो रही है। बीते कुछ महीनों में बस्तर क्षेत्र में छह भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है।


बिरजूराम तारम की हत्या में भाजपा तो संलिप्त नहीं: कांग्रेस

मामले में कांग्रेस ने भाजपा पर प्रहार करते हुए लाशों पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर कहा कि भाजपा जिस प्रकार से टारगेट किलिंग की बात कर रही उससे आशंका पैदा हो रही, बिरजू तारम की हत्या की जांच होनी चाहिए। इसमें भाजपा की संलिप्तता की भी जांच होनी चाहिए।
ईश्वर साहू को प्रत्याशी बनाने के बाद साफ हो गया कि भाजपा किसी भी स्तर तक गिर सकती है। बिरजू तारम मामले में भाजपा के बयानों से साफ हो रहा इसमें भाजपा की सीधी संलिप्तता है। जब केंद्र सरकार ने भाजपा के 24 नेताओं को खोज-खोज कर सुरक्षा प्रदान की तो बिरजू तारम को ही सुरक्षा क्यों नहीं दी गई ?

भाजपा बताए कि 24 नेताओं को सुरक्षा देने का क्या पैमाना था? बिरजू तारम को सुरक्षा नहीं देने का क्या पैमाना था? बिरजू तारम को खतरा था तो यह बात भाजपा ने पहले क्यों नहीं बताया ?, टारगेट किलिंग तो इस प्रदेश में 2013 में हुई थी जब कांग्रेस नेताओं को पूछ-पूछ कर झीरम में हत्या की गई थी।



हमारे 31 नेताओं को नाम पूछ-पूछकर मारा गया था। झीरम में तो रमन सिंह ने हमारे नेताओं की सुरक्षा हटाया था। जनता अच्छी तरह समझती है टारगेट किलिंग में हमने अपनी पूरी पीढ़ी खोया है और कांग्रेस पार्टी किसी हत्या पर विश्वास नहीं रखती।

भाजपा राजनैतिक लाभ लेने का प्रयास करती है यह बहुत ही निंदनीय और शर्मनाक है। पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, संयुक्त महासचिव शिवसिंह ठाकुर, अजय साहू आदि मौजूद रहे।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »