लास्ट ओवर में पल-पल पलटी बाजी, Sri Lanka के हाथ से फिसल रही थी जीत, फिर 2 गेंदों में महफिल लूट ले गए असलंका

September 15, 2023

 लास्ट ओवर में पल-पल पलटी बाजी, Sri Lanka के हाथ से फिसल रही थी जीत, फिर 2 गेंदों में महफिल लूट ले गए असलंका


22 गज की पिच पर कुछ ऐसे मुकाबले खेले जाते हैं जिनको सालों-साल याद किया जाता है। कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में भी पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच ऐसा ही गेम देखने को मिला जहां आखिरी ओवर में पल-पल बाजी पलटी। कभी पाकिस्तान हावी नजर आया तो कभी श्रीलंका की जीत तय लगी। आखिर में श्रीलंका बाजी मारने में सफल रही।
PAK vs SL: चरिथ असलंका ने आखिरी ओवर में बाजी पलटी।

HIGHLIGHTSश्रीलंका ने पाकिस्तान को रोमांचक मैच में 2 विकेट से हराया।
चरिथ असलंका ने आखिरी दो गेंदों पर बनाए 6 रन।
एशिया कप 2023 के फाइनल में पहुंची श्रीलंका।

नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट की 22 गज की पिच पर कुछ ऐसे मुकाबले खेले जाते हैं, जिनको सालों-साल याद किया जाता है। कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में भी पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच ऐसा ही गेम देखने को मिला, जहां आखिरी ओवर में पल-पल बाजी पलटी। कभी पाकिस्तान हावी नजर आया, तो कभी श्रीलंका की जीत तय लगी।

गुरुवार की रात कोलंबो में रोमांच की सारी हदें पार हुईं, हर गेंद के साथ फैन्स की सांसें थम सी रही थीं। आखिर में जीत श्रीलंका के हाथ लगी और पाकिस्तान का एशिया कप 2023 का फाइनल खेलने का सपना चकनाचूर हो गया। श्रीलंका की इस जीत के हीरो रहे चरिथ असलंका, जिन्होंने आखिरी दो गेंदों में मैच की तस्वीर को पूरी तरह से पलटकर रख दिया।

आखिरी ओवर का रोमांच

श्रीलंका को जीत के लिए आखिरी ओवर में 8 रन की दरकार थी। 8 रन बनाना मुश्किल काम नहीं था, लेकिन हाथ में विकेट सिर्फ तीन ही थे। टीम की नैया को पार लगाने की जिम्मेदारी चरिथ असलंका के कंधों पर थी, जो 42 रन बनाकर खेल रहे थे। दूसरे छोर पर प्रमोद मधुसन असलंका का साथ देने के लिए खड़े थे। दबाव से भरे आखिरी ओवर फेंकने की जिम्मेदारी कप्तान बाबर आजम ने पहला ही मैच खेल रहे जमान खान के हाथों में सौंपी।



पहली गेंद पर प्रमोद जमान की गेंद पर किसी तरह से एक रन चुराने में सफल रहे। दूसरी बॉल को असलंका छू भी नहीं सके। तीसरी गेंद पर असलंका एक रन चुराने में सफल रहे। अब अंतिम तीन गेंद पर श्रीलंका को जीत के लिए 6 रन की दरकार थी। पाकिस्तान का पलड़ा भारी था। चौथी बॉल पर असलंका को स्ट्राइक पर लाने के चक्कर में प्रमोद को अपना विकेट कुर्बान करना पड़ा।

दो गेंदों पर महफिल लूट ले गए असलंका

आखिरी दो गेंदों पर श्रीलंका को जीत के लिए 6 रन की दरकार थी। जमान खान के हाथ से निकली पांचवीं गेंद ऑफ साइड के बाहर टप्पा खाई और असलंका ने जोर से बल्ला घूमाया। बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर बॉल कीपर को बीट करते हुए बाउंड्री लाइन के पार पहुंच गई। श्रीलंका के खेमे में जश्न शुरू हो गया। हालांकि, अभी काम अधूरा था।

लास्ट बॉल पर जीत के लिए रन की दरकार थी। जमान ने लास्ट बॉल असलंका के पैड की तरफ फेंकी और श्रीलंकाई बल्लेबाज ने गेंद को लेग साइड की तरफ मोड़ते हुए दो रन आसानी से पूरे कर लिए। असलंका के बल्ले से आखिरी दो गेंदों पर निकले इन छह रनों की बदौलत श्रीलंका एशिया कप के इतिहास में 12वीं बार फाइनल में पहुंचने में सफल रही।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »