Lok Sabha Chunav: भूपेश बघेल ने कांग्रेसियों को बताई जीत की तरकीब, जानें क्यों कहा- हर सीट पर 375 से ज्यादा प्रत्याशी उतरें

March 27, 2024

 Lok Sabha Chunav: भूपेश बघेल ने कांग्रेसियों को बताई जीत की तरकीब, जानें क्यों कहा- हर सीट पर 375 से ज्यादा प्रत्याशी उतरें


कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, कार्यकर्ता ये सुनिश्चित करें कि, हर लोकसभा क्षेत्र से 375 से ज्यादा प्रत्याशी खड़े हों। तब बैलेट पेपर से चुनाव कराना आयोग की मजबूरी हो जाएगी।


पूर्व सीएम भूपेश बघेल

दुर्ग। लोकसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ में दोनो प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपाई प्रदेश की सभी सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं वहीं कांग्रेस पार्टी के नेता अभी से EVM पर सवाल उठा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पाटन में कहा है कि, सभी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन फार्म भरें। इसके पीछे उनका तर्क था कि, अगर एक लोकसभा सीट से 375 से अधिक प्रत्याशी खड़े हो जाते हैं तो वहां EVM की जगह बैलेट पेपर से चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि, अगर बैलेट पेपेर से चुनाव होता है तो कांग्रेस की ही जीत होगी।

उल्लेखनीय है कि, दुर्ग लोकसभा के पाटन विधानसभा क्षेत्र के आमालोरी गांव में आज कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित था। इसमें शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पहुंचे थे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए EVM पर सवाल उठाए। श्री बघेल ने कहा कि, इस बार वे लोकसभा चुनाव EVM से नहीं होने देना चाहते हैं। बैलेट पेपर से चुनाव हुआ तो भाजपा की असलियत सामने आ जाएगी।




कार्यकर्ताओं से की चुनाव लड़ने की अपील

अपने संबोधन के दौरान श्री बघेल ने कार्यकर्ताओं को समझाते हुए बताया कि, अगर नाम वापसी के बाद 375 कैंडिडेट मैदान में रहें तो निर्वाचन आयोग को वहां बैलेट पेपर से चुनाव कराना होगा। इसलिए आप सभी लोग चुनाव में प्रत्याशी बनने के लिए फार्म भरें। ऐसा करें कि, सभी जगह 375 से अधिक प्रत्याशी नाम वापसी के बाद भी रहें।

प्रत्याशी बनने के लिए बाकायदा संकल्प दिलाया

इस दौरान भूपेश ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया है कि, वो सभी लोकसभा सीटों में 375 से अधिक कैंडीडेट की संख्या रखेंगे। हर हालत में ऐसा होना चाहिए कि, सभी सीट पर 375 से ज्यादा प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़ें हों। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो निश्चित तौर पर कांग्रेस सभी जगह जीत दर्ज करेगी। 

बैलट से चुनाव कराकर जीते थे निकाय चुनाव

कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, हमसे कहा जाता है कि जब हार जाते हैं, तो EVM पर सवाल उठाते हैं। सच्चाई ये है कि, कांग्रेस का शुरू से स्टैंड रहा है कि, बैलेट से चुनाव होना चाहिए। क्योंकि EVM को हैक किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 2018 में जब विधानसभा चुनाव जीत कर सरकार बनाई, तो उसके बाद निकाय चुनाव बैलट से कराया, जिसमें हमने जीत भी दर्ज की।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »