JKA 24न्यूज़ (जनजन का आसरा) भोपाल-मध्यप्रदेश...
भोपाल@ मध्यप्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आज चारो सीटों के नतीजे घोषित हो गए, मध्यप्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने उपचुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए तीन सीटों पर जीत का परचम लहराया, वहीं विपक्ष की कांग्रेस के हाथ सिर्फ एक सीट आई।
खण्डवा लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल ने कांग्रेस के राजनारायण सिंह को 80 हज़ार से ज़्यादा मतों के अंतर से हराकर खण्डवा लोकसभा सीट पर भाजपा का कब्ज़ा बरकरार रखा, खण्डवा लोकसभा सीट भाजपा के दिवंगत नेता और 5 बार के सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन से खाली हुई थी। वही जोबट विधानसभा सीट भाजपा ने कांग्रेस से छीन ली। भाजपा ने जोबट विधानसभा सीट से कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई पूर्व विधायक सुलोचना रावत को मैदान में उतारा था, कांग्रेस की तरफ से महेश पटेल चुनावी-मैदान में उतरे थे जहाँ भाजपा की सुलोचना रावत ने महेश पटेल को 6080 वोटो से हरा दिया।
इसी तरह अगर पृथ्वीपुर विधानसभा की बात करें तो भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाते हुए कांग्रेस को पटखनी देते हुए कमल खिला दिया। पृथ्वीपुर विधानसभा सीट से भाजपा ने शिशुपाल सिंह यादव पर दांव लगाया था जो कांग्रेस पर भारी पड़ गया शिशुपाल सिंह ने अपने निकटम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के नितेन्द्र सिंह राठौर को 15687 वोटों से परास्त कर पृथ्वीपुर सीट को भाजपा की झोली में डाल दिया। कांग्रेस ने रेगाँव विधानसभा सीट जीतकर अपना हार का गम हल्का कर लिया।भाजपा के इस अवैध किले को कांग्रेस ने 31 साल के बाद फतह कर लिया। कांग्रेस ने रेगाँव से कल्पना वर्मा को चुनावी मैदान में उतारा था वही भाजपा ने प्रतिमा बागरी पर दांव खेला था कल्पना वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी प्रतिमा बागरी को12096 वोटों से हरा दिया।
मध्यप्रदेश में हुए उपचुनाव के नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा भाजपा की जीत मध्यप्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत हैं मध्यप्रदेश के विकास की जीत हैं जनता की जीत हैं और जनता ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भरोसा जताते हुए इस पर मोहर लगा दी हैं।