राजस्थान रॉयल्स की टीम आज अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करने उतरेगी। इस मैच में मेजबान टीम की कोशिश पिछली हार का बदला लेने की होगी। ...और पढ़ें

पीटीआई, जयपुर: राजस्थान रॉयल्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में शनिवार को जब सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध मैदान पर उतरेगी तो उसकी कोशिश अपने घरेलू मैदान पर दबदबा कायम रखने के साथ-साथ दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मुकाबले का हिसाब बराबर करने की भी होगी।
यह मुकाबला आईपीएल के इस चरण में बेहद अहम माना जा रहा है, जहां दोनों टीमें जरूरी अंक हासिल करने की कोशिश में होंगी। इस मैच से पहले हैदराबाद को एक खुशखबरी मिली है। उसके नियमित कप्तान पैट कमिंस वापसी को तैयार हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम के माध्यम से जानकारी दी है कि वह राजस्थान के खिलाफ मैच खेलने को तैयार हैं।
प्रफुल्ल हिंगे और साकिब ने ढाया था कहर
सनराइजर्स ने प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन की शानदार गेंदबाजी के बूते दोनों टीमों के बीच 13 अप्रैल को खेले गए पहले चरण के मुकाबले को 57 रन से जीता था। हालांकि, रॉयल्स ने उस हार से उबरते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध 40 रन की जीत से अच्छी वापसी की है। टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद इस सत्र में उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए चौथे स्थान पर है, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी किसी भी टीम के लिए खतरा बनी हुई है।
रॉयल्स को दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले मुकाबले में हर विभाग में संघर्ष करना पड़ा था, और टीम इस बार माकूल जवाब देने के इरादे से उतरेगी। सनराइजर्स की बल्लेबाजी की ताकत उनके शीर्ष क्रम में है, जहां ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन पहले ही कई मौकों पर आक्रामक प्रदर्शन कर चुके हैं। हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध शतक लगाने वाले अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड भी तेज शुरुआत देने की कोशिश करेंगे।
हैदराबाद को गेंदबाजी पर करना है काम
हिंगे और साकिब दोनों ने रॉयल्स के विरुद्ध अपने आईपीएल पदार्पण में चार-चार विकेट लिए, लेकिन सनराइजर्स की गेंदबाजी अपेक्षाकृत अनुभवहीन है। टीम कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में संघर्ष कर रही थी। हालांकि हाल के मैचों में कुछ सुधार देखने को मिला है और अगर कमिंस को आज के मैच में वापस आते हैं तो निश्चित तौर पर टीम की गेंदबाजी काफी मजबूत होगी।
रॉयल्स का अच्छा प्रदर्शन जारी
राजस्थान रॉयल्स की टीम मध्यक्रम की बल्लेबाजी को छोड़कर लगभग हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। टीम के नाम सात मैचों में पांच जीत हैं। उनकी बल्लेबाजी की रीढ़ युवा खिलाड़ियों पर टिकी है। यशस्वी जायसवाल ने 245 रन बनाकर स्थिरता और आक्रामकता दोनों दिखाई है। वैभव सूर्यवंशी 254 रनों के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर हैं और उनका स्ट्राइक रेट 220 से ऊपर है। पिछले मैच में प्रफुल्ल ने उन्हें शून्य पर आउट किया था और इस मैच में वैभव उस जख्म को बदला लेने की फिराक में होंगे। विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरैल ने भी उपयोगी योगदान दिया है।
कप्तान की फॉर्म चिंता
हालांकि, कप्तान रियान पराग और अनुभवी शिमरॉन हेटमायर का बल्ले से प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने 11 विकेट लेकर टीम की अगुआई की है और वे इस मैच में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं अनुभवी हरफनमौला रवींद्र जडेजा ने पिछले मैच में नाबाद 43 रन और एक महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई थी और वे इस मुकाबले में भी आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रेविस हेड, प्रफुल्ल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टन, ईशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पायने, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा, जीशान अंसारी।
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरॉन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जड़ेजा, सैम करन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा।