रिकॉर्डधारी कोहली और पडिक्कल ने तोड़ा 'सुदर्शन चक्र', बेंगलुरु ने एकतरफा अंदाज में गुजरात को हराया
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 5 विकेट से मात दी है। आरसीबी के लिए विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने अर्धशत ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के अर्धशतक ने साई सुदर्शन के शतक पर पानी फेर दिया है। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बेंगलुरु ने 5 विकेट से जीत हासिल की। आरसीबी की ये आईपीएल 2026 में 5वीं जीत है। सुदर्शन ने 100 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को 205 के स्कोर तक पहुंचाया था लेकिन ये काफी नहीं था।
बेंगलुरु ने गुजरात के द्वारा दिए गए 206 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवरों में हासिल कर लिया। इसी के साथ उन्होंने 5 विकेट से जीत हासिल की। तो वहीं गुजरात की ये लगातार दूसरी हार है। विराट मुकाबले में बेंगलुरु के लिए सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे, जिन्होंने 81 रनों की पारी खेली और जीत में अहम भूमिका निभाई।
साई सुदर्शन ने लगाया शतक
सुदर्शन ने 58 गेंदों में 100 रन की शानदार पारी खेली, जो आईपीएल उनका तीसरा शतक रहा। उनकी बल्लेबाजी का अंदाज बिल्कुल अलग था, न ज्यादा आक्रामक शॉट्स, न ही अनावश्यक जोखिम। उन्होंने गेंद को उसकी मेरिट पर खेलते हुए स्ट्राइक रोटेट की और मौके मिलने पर ही बड़े शॉट लगाए। सुदर्शन की यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि यह टी20 क्रिकेट के उस ट्रेंड के विपरीत थी, जहां हर गेंद पर बड़े शॉट खेलने की कोशिश की जाती है।
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पारी की शुरुआत से ही सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ मजबूत साझेदारी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 128 रन जोड़े, लेकिन इस साझेदारी में सुदर्शन का दबदबा साफ नजर आया। पावरप्ले में जहां गिल ने सिर्फ सात गेंदें खेलीं, वहीं सुदर्शन ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 46 रन बनाए। उन्होंने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद भी अपनी लय बनाए रखी।
साई सुदर्शन ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस पारी के दौरान सुदर्शन ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह आईपीएल में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए, जो उनकी निरंतरता और गुणवत्ता को दर्शाता है। हालांकि उन्हें किस्मत का भी थोड़ा साथ मिला। 91 रन के स्कोर पर सुयश शर्मा ने उनका कैच छोड़ दिया, जिसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने अपना शतक पूरा किया।
गुजरात ने बनाए 205 रन
उन्होंने एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया, लेकिन इसके तुरंत बाद जोश हेजलवुड की गेंद पर कैच आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद गुजरात की रन गति थोड़ी धीमी पड़ गई। 17वें ओवर तक टीम का स्कोर 174/2 था, लेकिन आखिरी तीन ओवरों में सिर्फ 31 रन ही बन सके। अंत में जेसन होल्डर (23) ने कुछ बड़े शॉट लगाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 205 रन बना लिए।
जैकब बेथेल नहीं बना सके बड़ा स्कोर
206 रनों के जवाब का पीछा करने उतरी आरसीबी की सलामी जोड़ी में बदलाव था। फिल सॉल्ट चोट की वजह से इस मुकाबले में नहीं खेल पाए और उनकी जगह जैकब बेथेल को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया। बेथेल सीजन के अपने पहले मैच में कुछ खास नहीं कर सके और 14 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें मोहम्मद सिराज ने मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया।
विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा अर्धशतक
पहला विकेट गंवाने के बाद देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने मोर्चा संभाला। कोहली ने सावधानी से खेलते हुए पारी को आगे बढ़ाया, जबकि पडिक्कल ने बड़े शॉट्स खेलने की जिम्मेदारी उठाई। पडिक्कल ने 20 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और कोहली के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। पडिक्कल 27 गेंदों पर 55 रन बनाकर आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद विराट ने बड़े शॉट्स लगाने शुरू किए। दिग्गज बल्लेबाज ने 44 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत
बेंगलुरु ने एक समय पर लगातार तीन विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि गुजरात मुकाबले में वापसी कर रही है। हालांकि, क्रुणाल पांड्या और टिम डेविड ने ऐसा नहीं होने दिया। क्रुणाल ने 12 गेंदों पर नाबाद 23 रनों की पारी खेली, जबकि डेविड ने नाबाद 10 रन बनाए। गुजरात के लिए राशिद खान सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, जिन्हें 2 सफलता मिली। उनके अलावा मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर और मानव सुथार को एक-एक विकेट मिला। बेंगलुरु ने 206 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवरों में हासिल कर लिया और 5 विकेट से जीत दर्ज की।