अभ्यास के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के नेट बॉलर को लगी मुंह पर गेंद, अस्पताल में भर्ती

 अभ्यास के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के नेट बॉलर को लगी मुंह पर गेंद, अस्पताल में भर्ती


दिल्ली कैपिटल्स के नेट गेंदबाज को अभ्यास के दौरान चोट लग गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली को आज पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच खेलना है। ...और पढ़ें




 नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के अभ्यास सत्र के दौरान अरुण जेटली स्टेडियम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। टीम के नेट गेंदबाज को अभ्यास के दौरान गेंद सीधे चेहरे पर लग गई, जिससे वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ा और उसकी हालत गंभीर नजर आई। गेंद इतनी तेज थी कि खिलाड़ी के चेहरे से खून बहने लगा और वह दर्द से कराहता दिखा।


घटना के तुरंत बाद टीम के फिजियो और मेडिकल स्टाफ मैदान पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार दिया। स्टेडियम में मौजूद इमरजेंसी टीम भी मौके पर सक्रिय हो गई। कुछ समय तक मैदान पर ही इलाज करने के बाद स्थिति को गंभीर देखते हुए खिलाड़ी को स्ट्रेचर पर डालकर एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

गहरी है चोट

सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में चोट गहरी बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर उसकी स्थिति को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली कैपिटल्स प्रबंधन की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। इस घटना ने टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को झकझोर कर रख दिया। अभ्यास सत्र के दौरान सुरक्षा मानकों पर सवाल भी खड़े हो रहे है।

पंजाब से है मुकाबला

दिल्ली को आज अपने घर में ही पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरना है। ये मैच दिन में खेला जाएगा जिसमें दिल्ली की कोशिश जीत हासिल करने की होगी। इस समय दिल्ली छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ छह अंक लेकर छठे स्थान पर है। पंजाब को हराने उसके लिए आसान नहीं होगा क्योंकि ये टीम इस समय शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। पंजाब ने छह मैचों में पांच जीत के साथ 11 अंक हासिल किए हैं और वह पहले स्थान पर बनी हुई है। उसका एक मैच बेनतीजा रहा था।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »