27 साल के प्रतिभाशाली गेंदबाज ने संन्‍यास लेकर चौंकाया; तंगी और मौका नहीं मिलने के कारण तबाह हुआ करियर

 


27 साल के प्रतिभाशाली गेंदबाज ने संन्‍यास लेकर चौंकाया; तंगी और मौका नहीं मिलने के कारण तबाह हुआ करियर

बांग्लादेश के 27 साल के युवा तेज गेंदबाज काजी ओनिक ने संन्यास लेकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। आर्थिक तंगी के कारण उनको ये मुश्किल फैसला लेना पड़ा है। ...और पढ़ें





27 वर्षीय बांग्लादेशी तेज गेंदबाज काजी ओनिक ने लिया संन्यास

 Qazi Onik Retirement: बांग्‍लादेश के 27 साल के तेज गेंदबाज काजी ओनिक ने अचानक क्रिकेट से संन्‍यास लेकर चौंका दिया है। ओनिक ने अंडर-19 वर्ल्‍ड कप में बांग्‍लादेश टीम का प्रतिनिधित्‍व किया था और उन्‍हें देश का भविष्‍य माना जा रहा था।


हालांकि, आर्थिक तंगी और मौका नहीं मिलने से परेशान होकर ओनिक ने संन्‍यास लिया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओनिक ने घरेलू क्रिकेट में 12 प्रथम श्रेणी, 50 लिस्‍ट ए और 17 टी20 मैच में शिरकत की।
भारत के खिलाफ चमके

याद दिला दें कि काजी ओनिक ने साल 2018 में ICC अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के दौरान अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बनाई थी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 मैचों में 10 विकेट चटकाए। ओनिक ने अंडर-19 वर्ल्‍ड कप में भारत के खिलाफ क्‍वार्टर फाइनल मैच में भी अपनी छाप छोड़ी थी। उन्‍होंने पृथ्‍वी शॉ सहित रियान पराग और कमलेश नागरकोटी को अपना शिकार बनाया था।
इस मैच में उन्‍होंने तीन विकेट चटकाए और 1 रन आउट किया। हालांकि, बांग्‍लादेश की टीम शिकस्‍त नहीं टाल सकी थी। उनकी गति और आक्रामक गेंदबाजी को देखकर कई विशेषज्ञों ने उन्हें बांग्लादेश के भविष्य का स्टार पेसर बताया था।


बैन ने बर्बाद किया

काजी ओनिक को युवा ही उम्र में तगड़ा झटका लगा, जब 2020 में वो नेशनल क्रिकेट लीग के दौरान डोपिंग टेस्ट में फेल हो गए। इस कारण उन पर दो साल का प्रतिबंध लगा। बाएं हाथ के पेसर के लिए बैन के बाद वापसी करना आसान नहीं रहा और वो टीम में जगह बनाने के लिए संघर्षरत रहे।

आर्थिक तंगी ने छीन लिया करियर

ओनिक को मौकों की कमी के साथ-साथ आर्थिक तंगी से भी जूझना पड़ा। लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के कारण उन्हें पैसों की तंगी हुई, जिससे उन्हें निजी जीवन में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इन्हीं परिस्थितियों के चलते काजी ओनिक ने सिर्फ 27 साल की उम्र में क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया।


बांग्‍लादेश के तेज गेंदबाज ने अपने इंस्‍टग्राम पोस्‍ट पर संन्‍यास का एलान किया। उन्होंने कैप्शन लिखा, "मैंने बहुत आगे तक जाने की ख्वाहिश रखी थी, लेकिन आज मेरे सपनों को कड़वी सच्चाई के आगे झुकना पड़ा है। मेरा क्रिकेट करियर शायद बहुत लंबा न रहा हो, लेकिन मैंने जितना भी खेला,अल्हम्दुलिल्लाह! ठीक इसी पल से, मैं क्रिकेट को अलविदा कह रहा हूं। मैदान पर बनी यादें अब मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा खजाना है। मैं आप सभी की दुआओं का तलबगार हूं।"

ओनिक का करियर

ओनिक को कभी अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर खेलने का मौका नहीं मिला। अंडर-19 के अलावा घरेलू क्रिकेट में उन्‍होंने दमदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के पेसर ने 12 फर्स्ट क्लास मैचों में 31 विकेट लिए। वहीं, 50 लिस्ट-ए मुकाबलों में 66 विकेट अपने नाम किए।

टी20 प्रारूप में भी उन्होंने 17 मैचों में 15 विकेट हासिल किए। इसके अलावा वो बांग्लादेश प्रीमियर लीग में भी खेल चुके हैं जहां उन्होंने 9 मैचों में 10 विकेट झटके।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »