रवींद्र जडेजा इस सीजन आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा नहीं हैं। वह राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे हैं। दोनों टीमें सोमवार को आमने-सामने हुई थी ...और पढ़ें
-1774967286708_v.webp)
रवींद्र जडेजा हुए भावुक
सीएसके को देख भावुक हो गए रवींद्र जडेजा
लंबे समय तक चेन्नई का हिस्सा थे जडेजा
राजस्थान ने चेन्नई को पहले मैच में दी मात
नेटवर्क, नई दिल्ली : रवींद्र जडेजा इस आईपीएल में भले ही गुलाबी जर्सी पहनकर राजस्थान रॉयल्स के लिए ताल ठोक रहे हैं, लेकिन उनका दिल अब भी अपनी पुरानी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धड़कता है। सोमवार को गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए जडेजा ने चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध जीत में अहम भूमिका निभाई थी और सरफराज खान और शिवम दुबे के विकेट चटकाए थे।
मैच के बाद जडेजा चेन्नई के तेज गेंदबाज खलील अहमद के पास पहुंचकर उनकी जर्सी पर सीएसके का लोगो चूमते दिखाई दिए। इतना ही नहीं इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में जडेजा मैच के दौरान बाउंड्री पर फील्डिंग करते हुए भावुक होते दिख रहे हैं। उस समय चेन्नई का स्कोर छह विकेट पर 60 रन था और स्टेडियम में सीएसके-सीएसके गूंज रहा था।
भावुक है नाता
शायद जडेजा अपनी पुरानी टीम की यह हालत देख नहीं पा रहे थे। ये बताता है कि पांच बार की चैंपियन सीएसके के साथ जडेजा का लगाव कितना गहरा है। जडेजा का टीम के साथ यह जुड़ाव लोगों को भावुक कर गया। 2008 में राजस्थान रॉयल्स के साथ आईपीएल की शुरुआत करने वाले जडेजा को सीएसके ने 2012 में हुई नीलामी में नौ करोड़ से अधिक कीमत में खरीदा था। इसके बाद सीएसके पर दो साल का प्रतिबंध लगने के बाद 2016-17 में जडेजा गुजरात लायंस के लिए खेले, लेकिन उन्होंने अपना अधिकतर आईपीएल करियर पीली जर्सी (सीएसके की जर्सी) में ही खेलते हुए बिताया।
सीएसके की ओर से जडेजा ने 186 मैच खेले और वह 2012, 2021 और 2023 में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे। इस साल जडेजा को सीएसके ने संजू सैमसन के बदले राजस्थान के साथ ट्रेड किया था। जडेजा ने राजस्थान के साथ ही 2008 में आईपीएल खिताब जीता था।
जडेजा ने कही दिल की बात
सीएसके छोड़कर राजस्थान से जुड़ने पर जडेजा ने जियोहाटस्टार से बातचीत में कहा, पीला रंग थोड़ा पुराना लगने लगा था और गुलाबी रंग काफी पसंद आ रहा है। हालांकि मैं बस मजाक कर रहा हूं। चेन्नई जैसी फ्रेंचाइजी छोड़ना आसान नहीं था, जहां मैंने 12-13 साल क्रिकेट खेला। ये काफी मुशिक्ल था, लेकिन दूसरी तरफ उसी टीम में वापस आना, जहां से मैंने पहला आईपीएल खिताब जीता, मेरे लिए पुरानी यादें अभी भी जिंदा हैं।
उन्होंने कहा, "अंडर-19 विश्व कप जीतने के तुरंत बाद आईपीएल 2008 का पहला सीजन खेलना और उसमें भी ट्रॉफी जीतना मेरे लिए काफी भावुक पल था। गुवाहाटी में मैच से पहले जब जडेजा से पूछा गया कि क्या उनकी सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी से बात हुई तो उन्होंने कहा कि माही भाई से मेरी बात नहीं हो पाई क्योंकि माही भाई अपना फोन बंद ही रखते हैं। लेकिन जब मैं उनसे मिलूंगा तो खूब सारी बातें करूंगा।"