पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर ने अपने जीवन के बड़े बदलाव को लोगों के साथ शेयर किया है। ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर ने अपने जीवन के बड़े बदलाव को लोगों के साथ शेयर किया है। अनाया ने खुलासा किया है कि उन्होंने थाईलैंड में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी करवाई है। अनाया ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी शेयर की। अनाया ने इस इमोशनल प्रॉसिस और इसमें मिले सपोर्ट के बारे में बताया। उन्होंने पिता संजय के साथ तस्वीर शेयर की है।
शेयर की तस्वीर
अनाया की पोस्ट में अस्पताल से ली गई एक तस्वीर भी शामिल है, जिसमें अनाया सर्जरी के बाद अपने पिता के साथ नजर आ रही हैं। उन्होंने इस पल को बेहद खास बताया। उन्होंने बताया कि यह सफर न सिर्फ उनके लिए बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए कितना चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि उन्होंने समय के साथ इस प्रक्रिया को स्वीकार करना और समझना सीखा।
रातों रात नहीं हुआ यह सब
अनाया ने कैप्शन में लिखा, "यह सफर न सिर्फ मेरे लिए, बल्कि मेरे परिवार के लिए भी आसान नहीं था। मुझे समझने, स्वीकार करने और मेरा साथ देने में समय लगा। यह सब रातों रात नहीं हुआ। हम सभी के लिए भ्रम, सवाल और सीखने के पल आए। लेकिन आज यहां खड़े होकर, मैं कृतज्ञता से भरी हुई हूं।"
उन्होंने लिखा, "मेरे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक में मेरे पिता का मेरे साथ होना मेरे लिए सब कुछ है। उनका सपोर्ट रातोंरात नहीं मिला, लेकिन जब मिला, तो वह सच्चा, निःशर्त और मजबूत था। यह सर्जरी मेरे लिए एक बड़ा कदम था, लेकिन उनके साथ होने से यह संभव लगा। ग्रोथ में समय लगता है। प्यार में समय लगता है। लेकिन जब यह मिलता है, तो यह सब कुछ के लायक होता है।"
अनाया का सफर
जन्म के समय उन्हें लड़का माना गया था और उनक नाम आर्यन था। वह भी अपने पिता की तरह क्रिकेटर बनना चाहते थे। उन्होंने मुंबई अंडर-16, पांडिचेरी अंडर-19 ट्रायल्स और मुंबई अंडर-23 ट्रायल्स सहित कई एज ग्रुप की टीमों में भाग लिया। 2023 में जब उन्होंने हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) शुरू की, तब उनका ट्रांजिशन पब्लिक हुआ।