झारखंड भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: तीन जिलों को मिले नए अध्यक्ष, कोल्हान-कोयलांचल में दिखेगा असर

 झारखंड भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: तीन जिलों को मिले नए अध्यक्ष, कोल्हान-कोयलांचल में दिखेगा असर


झारखंड भाजपा ने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़े बदलाव किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर लोहरदगा, बोकारो और पूर्वी सिंहभूम जिलों के लिए ...और पढ़ें




झारखंड के तीन जिलों में भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा की गई।

संगठन को मजबूत करने हेतु ये नियुक्तियां तत्काल प्रभावी।


लोहरदगा, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम में नेतृत्व परिवर्तन हुआ।


राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश में संगठन को नई धार देने और जमीनी स्तर पर मजबूती लाने के उद्देश्य से बड़े बदलाव किए गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार पार्टी ने तीन महत्वपूर्ण जिलों के लिए नए जिला अध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह निर्णय आगामी राजनीतिक चुनौतियों और सांगठनिक विस्तार को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

इन प्रमुख चेहरों को मिली जिलों की कमान

पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमण्डल के अंतर्गत आने वाले लोहरदगा जिले की जिम्मेदारी अजय पंकज को सौंपी गई है। वहीं, धनबाद प्रमण्डल के तहत बोकारो जिले के लिए सुरेन्द्र राज को नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

कोल्हान प्रमण्डल के महत्वपूर्ण जिले पूर्वी सिंहभूम की कमान सत्या तिवारी के हाथों में दी गई है। कोल्हान में भाजपा की स्थिति कमजोर है। यहां आगे और भी बदलाव दिखेगा।
तत्काल प्रभाव से नियुक्तियां लागू

भाजपा प्रदेश महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी और सांसद प्रदीप वर्मा के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रभावी होंगी।

संगठन ने उम्मीद जताई है कि इन नए पदाधिकारियों के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिलेगा और बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ और अधिक मजबूत होगी।
वरिष्ठ नेतृत्व को भेजी गई सूचना

इन महत्वपूर्ण नियुक्तियों की सूचना पार्टी के राष्ट्रीय और राजकीय नेतृत्व को भी प्रेषित कर दी गई है। इसकी प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी और झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजी गई है।

नए जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। पार्टी के स्थानीय नेताओं ने विश्वास जताया है कि नवनियुक्त अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को सशक्त बनाने और जन-सरोकारों से जुड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »