कोडरमा में 15 हजार रुपए घूस लेते एसीबी के हत्थे चढ़ा एसआई, अवैध शराब मामले को रफा-दफा करने में मांगी रिश्वत
हजारीबाग एसीबी ने कोडरमा के चंदवारा थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर पवन कुमार को ₹15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें
चंदवारा एसआई पवन कुमार ₹15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।
अवैध शराब मामले को रफा-दफा करने की मांग।
हजारीबाग एसीबी टीम ने रंगे हाथ पकड़ा।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। हजारीबाग की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले के चंदवारा थाना में पदस्थापित एक सब इंस्पेक्टर को ₹15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सब इंस्पेक्टर की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद चंदवारा थाना में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मामले को रफा-दफा करने के नाम पर मांगी रिश्वत
बताया जाता है कि अवैध शराब बरामदगी के एक मामले में केस को रफा-दफा करने या कमजोर करने के नाम पर कांड के अभियुक्त से ₹1 लाख की रिश्वत मांगी गई थी। योजना के तहत गुरुवार को पहली किस्त के रूप में ₹15 हजार देने का समय तय हुआ था। जैसे ही रकम दी गई, एसीबी की टीम ने सब इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस मामले में जेएलकेएम नेता प्रेम नायक ने बताया कि कांड के कुछ आरोपित उनकी पार्टी के विधायक जयराम महतो के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। उनका आरोप था कि उनसे पैसे की मांग कर प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद विधायक ने प्रेम नायक को मामले में मदद करने को कहा।
प्रेम नायक के अनुसार, उन्होंने कांड के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर पवन कुमार राम से बातचीत शुरू की, जहां उनसे ₹1 लाख की मांग की गई। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना एसीबी हजारीबाग को दी। एसीबी की योजना के तहत गुरुवार को ₹15 हजार देने पर टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी को चंदवारा थाना क्षेत्र के चीलोडीह में एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में नकली शराब बनाने के मामले का खुलासा पुलिस ने किया था, जिसकी जांच की जिम्मेदारी एसआई पवन कुमार राम को सौंपी गई थी।