रांची RIMS में 256 करोड़ से 24 माह में बनेगा अत्याधुनिक ओपीडी ब्लॉक, JSBCCL ने जारी किया टेंडर
झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने राज्य में स्वास्थ्य और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार् ...और पढ़ें

रिम्स में 256 करोड़ का नया अत्याधुनिक ओपीडी ब्लॉक।
रिम्स परिसर का 87 करोड़ से होगा व्यापक कायाकल्प।
गोड्डा में नए महिला और डिग्री कॉलेज भवन बनेंगे।
जागरण संवाददाता, रांची। राज्य की स्वास्थ्य और शैक्षणिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएसबीसीसीएल) ने कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए शार्ट टर्म ई-प्रोक्योरमेंट नोटिस जारी किया है।
इनमें सबसे प्रमुख राजधानी स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में अत्याधुनिक ओपीडी (आउटडोर पेशेंट विभाग) ब्लॉक का निर्माण है, जिसकी अनुमानित लागत 256.17 करोड़ रुपये तय की गई है।
24 माह में तैयार होगा नया ओपीडी ब्लॉक
रिम्स में बनने वाला यह नया ओपीडी ब्लॉक आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। परियोजना को 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वर्तमान में रिम्स में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण ओपीडी सेवाओं पर अत्यधिक दबाव है। ऐसे में नया ब्लॉक बनने से मरीजों को बेहतर सुविधा, कम भीड़ और व्यवस्थित इलाज का लाभ मिलेगा।
क्या होंगी ओपीडी ब्लॉक में प्रमुख सुविधाएं विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर और कक्ष
डिजिटल पंजीकरण और कतार प्रबंधन प्रणाली
मरीजों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय
आधुनिक जांच और परामर्श सुविधाएं
दिव्यांग अनुकूल ढांचा
रिम्स परिसर का व्यापक कायाकल्प
ओपीडी ब्लॉक के साथ ही रिम्स परिसर के समग्र विकास के लिए 87.08 करोड़ रुपये की साइट रिडेवलपमेंट योजना भी तैयार की गई है। इसे 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस योजना के तहत सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, वाक-वे और सड़क निर्माण, बाहरी विद्युत व्यवस्था, प्लंबिंग सुधार, हार्टिकल्चर और लैंडस्केपिंग कार्य शामिल है।
शिक्षा क्षेत्र में भी निवेश
जेएसबीसीसीएल ने शिक्षा क्षेत्र में भी निर्माण कार्यों को गति देने के लिए टेंडर जारी किया है। सिद्धो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के अंतर्गत गोड्डा में नए महिला कॉलेज भवन के निर्माण के लिए 66.58 करोड़ रुपये और डिग्री कॉलेज भवन के लिए 38.38 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है।
दोनों परियोजनाओं को 21-21 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
रिम्स में बेहतर ओपीडी व्यवस्था से मरीजों की भीड़ नियंत्रित होगी और इलाज की गुणवत्ता बढ़ेगी। वहीं, गोड्डा में नए कॉलेज भवन बनने से उच्च शिक्षा के अवसर भी विस्तारित होंगे।
साथ ही आने वाले वर्षों में इसका सीधा लाभ आम लोगों को मिलेगा और रांची सहित पूरे झारखंड में स्वास्थ्य व शिक्षा सेवाओं की तस्वीर बदलती नजर आएगी।