रांची के HEC इलाके में 1 महीने में लगेंगे स्मार्ट मीटर, बिजली बिल की समस्या होगी खत्म
Smart Meter: जेबीवीएनएल ने डोरंडा डिविजन के एचईसी क्षेत्र में एक महीने के भीतर सभी घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का दावा किया है। ...और पढ़ें
-1777089122233_v.webp)
लगभग 10 हजार घरों में मीटर लगाना बाकी है।
रांची। जेबीवीएनएल ने डोरंडा डिविजन अंतर्गत एचईसी क्षेत्र के सभी घरों में एक महीने के भीतर स्मार्ट मीटर लगाने का दावा किया है।
विभाग के अनुसार लंबे समय से अंडरग्राउंड वायरिंग सिस्टम के कारण काम बाधित था, लेकिन अब नई संरचना तैयार कर ली गई है और बिजली के पोल भी लगाए जा चुके हैं।
ऐसे में शेष कार्य को तेजी से पूरा करने की योजना बनाई गई है। एचईसी क्षेत्र में करीब 66,110 घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
हालांकि, अब भी लगभग 10 हजार उपभोक्ता इस सुविधा से वंचित हैं। इसके कारण लोगों को समय पर बिजली बिल नहीं मिल पा रहा है और वे पुराने बिल के आधार पर भुगतान करने को मजबूर हैं।
चार चरणों में चल रही थी योजना
शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम अलग-अलग चरणों में पूरा किया गया। पहले चरण में रांची सेंट्रल और न्यू कैपिटल डिविजन, दूसरे चरण में डोरंडा और रांची ईस्ट, तीसरे और चौथे चरण में अन्य क्षेत्रों को शामिल किया गया। शहर में तीन लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन एचईसी क्षेत्र पीछे रह गया।
कंपनियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जीनस और टेक्नो कंपनी को दिया गया है। विभाग ने दोनों कंपनियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि तय समय सीमा के भीतर शेष घरों में मीटर लगाना सुनिश्चित करें। यह योजना वर्ल्ड बैंक के सहयोग से लागू की जानी थी, लेकिन तकनीकी और समन्वय से जुड़े विवादों के कारण कार्य में देरी हुई। विभाग के पूर्व दावे भी तय समय पर पूरे नहीं हो सके।
क्या कहते हैं अधिकारी
डोरंडा डिविजन के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि पुरानी वायरिंग व्यवस्था सबसे बड़ी बाधा थी। अब नई संरचना तैयार है और लोगों के सहयोग से एक महीने के भीतर सभी घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।