अभिषेक शर्मा के सामने नतमस्तक दिल्ली कैपिटल्स, हैदराबाद ने प्वाइंट्स टेबल में लगाई छलांग

अभिषेक शर्मा के सामने नतमस्तक दिल्ली कैपिटल्स, हैदराबाद ने प्वाइंट्स टेबल में लगाई छलांग



IPL 2026 Points Table: सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराकर अपनी चौथी जीत दर्ज की। ...और पढ़ें





 IPL 2026 Points Table after SRH beat DC: सनराइजर्स हैदराबाद ने मंगलवार को अपने घरेलू मैदान राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ऐसा तूफानी प्रदर्शन किया कि मैदान पर हर तरफ सिर्फ रन ही रन बरसे। दर्शकों को पूरा पैसा वसूल क्रिकेट देखने को मिला, जहां हैदराबाद के बल्लेबाजों ने दिल्ली के गेंदबाजों पर पूरी तरह कहर बरपाया।


इस विस्फोटक बल्लेबाजी की अगुआई अभिषेक शर्मा ने की, जिन्होंने अपने करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक खेलते हुए मैच को एकतरफा बना दिया।

अभिषेक ने अविजित 135 रन की विस्फोटक पारी खेली, जो इस टूर्नामेंट में उनका दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। उन्होंने अपनी पारी में 10 शानदार छक्के जड़े और अंत तक क्रीज पर टिके रहे। उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और आक्रामकता दोनों साफ नजर आई, जिससे विरोधी टीम पूरी तरह बैकफुट पर चली गई।

अभिषेक की इस पारी से सनराइजर्स ने दिल्ली के सामने 243 रन का विशाल लक्ष्य रखा। इसके जवाब में दिल्ली की टीम नौ विकेट पर 195 रन ही बना सकी और सनराइजर्स ने ये मुकाबला 47 रन से जीतकर टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत दर्ज की। हैदराबाद के लिए श्रीलंकाई तेज गेंदबाज एहसान मलिंगा ने चार विकेट लिए।

SRH vs DC मैच में छा गए अभिषेक

अभिषेक की पारी की खास बात उनकी शॉट चयन और टाइमिंग रही। उन्होंने गेंदबाजों के अनुसार अपने शाट्स को ढाला और ज्यादातर छक्के सामने की दिशा में लगाए। उन्होंने 47 गेंदों में शतक पूरा किया और 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी जारी रखी।


अभिषेक को पारी में किस्मत का भी साथ मिला, जब वह 49 रन पर थे तो केएल राहुल एक आसान रन आउट का मौका चूक गए। 14वें ओवर में भी दिल्ली ने अभिषेक को आउट करने का मौका गंवाया, जब नटराजन की गेंद पर नीतीश राणा ने उनका कैच टपकाया।


यही विपक्षी टीम के लिए भारी पड़ गया। इसके बाद अभिषेक ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और हर गेंदबाज पर लगातार हमला करते हुए रनगति को तेजी से आगे बढ़ाया। उनकी इस पारी ने न सिर्फ टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि मैच का रुख भी पूरी तरह बदल दिया। उनकी बल्लेबाजी इतनी प्रभावशाली रही कि न तो नीतीश राणा की ऑफ स्पिन उन्हें रोक सकी और न ही लुंगी नगिदी की धीमी गेंदें उनके सामने असरदार साबित हुईं।


अभिषेक ने ट्रेविस हेड (37) के साथ पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान इशान किशन (25) ने तेजी से रन बनाते हुए अभिषेक के साथ सिर्फ 5.5 ओवर में 79 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अंत में क्लासेन (37*) ने तेजतर्रार पारी खेलकर स्कोर को और विशाल बना दिया।

रणनीति विफल

अक्षर पटेल ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लेकिन दिल्ली की रणनीति पूरी तरह नाकाम रही। अक्षर ने पावरप्ले में ही पार्ट टाइम आफ स्पिनर नीतीश राणा से गेंदबाजी कराई, जो काफी महंगी साबित हुए। राणा ने अपने चार ओवर में 55 रन लुटाए और छह छक्के खाए।


वहीं कप्तान अक्षर ने अपने पूरे ओवर नहीं डाले और कुलदीप को भी एक खराब ओवर के बाद गेंदबाजी से दूर रखा, जो टीम के लिए भारी पड़ा। दिल्ली के स्पिन गेंदबाजों ने कुल आठ ओवर में 108 रन खर्च कर दिए, जिससे मैच पूरी तरह हाथ से निकल गया। पावरप्ले में 67 रन देने के बाद मध्य ओवरों में 116 रन लुटाना सबसे बड़ी कमजोरी साबित हुआ।

दिल्ली रह गई दूर

243 रन का विशाल लक्ष्य पाना दिल्ली के बल्लेबाजों के लिए एक पहाड़ चढ़ने जैसा था। हालांकि दिल्ली ने पूरी पारी में 10 से ज्यादा की रन रेट से रन बनाए, लेकिन लक्ष्य दूर रह गई। उसके लिए नीतीश राणा (57) ने अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज प्रभाव छोड़ने में विफल रहे। नीतीश और केएल राहुल (37) के बीच दूसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी हुई।


साकिब ने राहुल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और अगले ओवर में मलिंगा ने नीतीश और डेविड मिलर को आउट कर दिल्ली को बैकफुट पर धकेल दिया। चार गेंदों के भीतर दिल्ली ने तीन विकेट गंवा दिए और मैच उसकी पकड़ से दूर हो गया।

IPL 2026 Points Table

हैदराबाद ने दिल्ली को 47 रन से हराकर आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में टॉप-3 पोजीशन हासिल की। हैदराबाद की टीम ने 7 मैच खेलते हुए अभी तक 4 मैच जीते है और उनका नेट रन रेट +0.820 का है। पंजाब किंग्स की टीम 11 अंक के साथ और +1.420 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर मौजूद है।


आरसीबी की टीम 8 प्वाइंट्स के साथ और +1.171 नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर मौजूद है। आरआर की टीम हार के बाद चौथे स्थान पर खिसक गई है। उसके पास 8 अंक है और उसका नेट रन रेट +0.599 है। दिल्ली की टीम पांचवें स्थान पर है, जबकि गुजरात की टीम छठे पायदान पर है। एमआई सातवें, सीएसके 8वें, लखनऊ 9वें और केकेआर आखिरी पायदान पर विराजमान है।



IPL 2026 Points Table Update

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »