'घातक हथियारों से लैस था व्हाइट हाउस प्रेस डिनर का शूटर', ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस से कहा- 'थैंक्यू'

 'घातक हथियारों से लैस था व्हाइट हाउस प्रेस डिनर का शूटर', ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस से कहा- 'थैंक्यू'



अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी की घटना पर जानकारी दी, जिसमें एक सशस्त्र संदिग्ध को सीक्रेट सर् ...और पढ़ें






अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शनिवार रात वाशिंगटन के वाशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना पर विस्तृत जानकारी दिया। कार्यक्रम के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच क्षेत्र के पास एक सशस्त्र व्यक्ति ने फायरिंग की कोशिश की, जिसके कारण पूरे कार्यक्रम को तुरंत खाली करा दिया गया।


राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया है, जिसके पास कई हथियार थे और वह एक बहुत बीमार आदमी था। उन्होंने कहा कि वह 50 गज दूर से हमला करने के लिए दौड़ा, लेकिन सीक्रेट सर्विस एजेंट्स का रिएक्शन टाइम बहुत तेज था। उन्होंने बहादुरी से इस खतरे से निपटा और संदिग्ध को तुरंत रोक लिया।

सुरक्षा अधिकारी को लगी गोली

ट्रंप ने यह भी बताया कि संदिग्ध ने एक सुरक्षा अधिकारी पर गोली चलाई थी, हालांकि अधिकारी सुरक्षित रहे। उन्होंने सीक्रेट सर्विस की तारीफ करते हुए कहा कि कमरा पूरी तरह सुरक्षित था और एजेंट्स ने शानदार काम किया।


हालांकि, ट्रंप ने अपनी ही बात का खंडन करते हुए कहा कि यह कोई बहुत सुरक्षित इमारत नहीं है। एक अधिकारी को गोली लगी थी, लेकिन वह इसलिए बच गया क्योंकि उसने जाहिर तौर पर एक बहुत अच्छी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी। हमने आज रात हुई सभी घटनाओं का जायजा लिया, और मैं कहूंगा कि, आप जानते हैं, यह कोई बहुत सुरक्षित इमारत नहीं है।


कहां हुई घटना?

घटना वाशिंगटन हिल्टन होटल में हुई, जहां सैकड़ों पत्रकार, सेलिब्रिटी और राष्ट्रीय नेता मौजूद थे। सुरक्षा बैरिकेड के पास एक व्यक्ति ने फायरिंग की। एक वीडियो में संदिग्ध को बैरिकेड के पास से भागते हुए दिखाया गया है, जबकि सीक्रेट सर्विस के एजेंट उसकी ओर दौड़ रहे थे।


गोलीबारी की आवाज सुनते ही मौजूद लोगों ने कुर्सियों और मेजों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। ANI की रिपोर्टर रीना भारद्वाज भी उस समय कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थीं।




राष्ट्रपति और अन्य नेताओं की सुरक्षा

सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने गोलीबारी की सूचना मिलते ही राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति और अन्य कैबिनेट सदस्यों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने पुष्टि की कि फर्स्ट लेडी, उपराष्ट्रपति तथा सभी कैबिनेट सदस्य पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।


ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत परिसर खाली करने का अनुरोध किया, जिसका पालन किया गया।

एफबीआई अधिकारियों ने बताया कि एक सशस्त्र व्यक्ति ने प्रवेश द्वार पर सीक्रेट सर्विस एजेंट पर गोली चलाने की कोशिश की। संदिग्ध व्यक्ति को घटनास्थल पर ही हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल किसी बड़े चोट या हताहत की कोई खबर नहीं है।
एफबीआई और सीक्रेट सर्विस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच कर रही है। संदिग्ध की पृष्ठभूमि और हमले के मकसद का पता लगाया जा रहा है।

प्रेस डिनर का भविष्य

राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की कि वार्षिक व्हाइट हाउस प्रेस डिनर को अगले 30 दिनों के अंदर नए सिरे से पुनर्निर्धारित कर दिया जाएगा। शुरू में उन्होंने उम्मीद जताई थी कि संदिग्ध को पकड़ लेने के बाद कार्यक्रम फिर से शुरू हो सकता है, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »