कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के पीछे बारिश मानों हाथ धोकर पड़ गई है। बारिश के कारण ईडन में पंजाब के विरुद्ध पिछला मैच धुल गया था और दोनों टीमों को एक- ...और पढ़ें
-1775660516185_v.webp)
कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के पीछे बारिश मानों हाथ धोकर पड़ गई है। बारिश के कारण ईडन में पंजाब के विरुद्ध पिछला मैच धुल गया था और दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटने पड़े थे। अब गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध होने वाले मैच पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
कोलकाता में पिछले कई दिनों से शाम के वक्त कालबैसाखी की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। अगर यह मैच भी बारिश के कारण नहीं हो पाया तो फिर एक-एक अंक बंटेगा।
इससे कोलकाता की आगे की राह बहुत मुश्किल हो सकती है। कोलकाता शुरुआती दोनों मैच हार चुका है। वहीं, लखनऊ ने अब तक दो मैच खेले हैं, जिनमें एक जीता व एक हारा है। दोनों टीमों के बीच अब तक छह मैच हुए हैं, जिनमें से लखनऊ ने चार व कोलकाता ने दो जीते हैं।
सुधारना पड़ेगा सबकुछ
कोलकाता को अगर अपने प्रदर्शन के बूते अंक हासिल करने हैं तो उसे बल्लेबाजी, गेंदबाजी व क्षेत्ररक्षण, तीनों सुधारना पड़ेगा। पंजाब के विरुद्ध मात्र 22 गेंदों का ही खेल हो पाया था, लेकिन उसमें भी कोलकाता की कमजोर बल्लेबाजी साफ झलकी थी।
बारिश के कारण मैच रुकने से पहले तक कोलकाता के 25 रन पर दो विकेट गिर चुके थे। उससे पहले के मैच में कोलकाता की लचर बल्लेबाजी, गेंदबाजी व क्षेत्ररक्षण, सबकुछ दिख चुका है। वैसे लखनऊ की भी बल्लेबाजी व गेंदबाजी अब तक बहुत खास नहीं रही है। उसे भी मैच जीतने के लिए जोर लगाना पड़ सकता है।
शमी पर रहेगी नजर
लखनऊ के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर सबकी नजर रहेगी, जो लोकल ब्वाय भी हैं। शमी ने रणजी के पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था।
कोलकाता नाइट राइडर्स
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पावेल, सुनील नारायण, रमनदीप सिंह, अनुकूल राय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कैमरन ग्रीन, फिन एलन, मथीशा पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम साइफर्ट, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, ब्लेसिंग मुजराबानी, सौरभ दुबे और नवदीप सैनी।
लखनऊ सुपर जायंट्स
ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडेन मार्करैम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्जके, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नोत्र्जे, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।