जमशेदपुर: टाटानगर स्टेशन के पास लोको पायलट की गोली मारकर हत्या, ड्यूटी से लौटते समय मारी गोली
टाटानगर स्टेशन के पास देर रात बाइक सवार अपराधियों ने लोको पायलट जीके गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी। कांड्रा से मालगाड़ी लेकर लौटे गौतम ड्यूटी के बाद ...और पढ़ें
-1777251619711_v.webp)
टाटानगर में लोको पायलट की गोली मारकर हत्या।
टाटानगर स्टेशन के पास लोको पायलट जीके गौतम की हत्या।
बाइक सवार अपराधियों ने कनपटी पर गोली मारी, मौके से फरार।
हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।
जमशेदपुर। लौहनगरी में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब रेलवे स्टेशन परिसर के आसपास भी सनसनीखेज वारदातें हो रही हैं।
रविवार देर रात टाटानगर स्टेशन टीओपी से कुछ ही दूरी पर बागबेड़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने लोको पायलट जीके गौतम की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गोली मार दी।
लहूलुहान हालत में सड़क पर गिरे गौतम को आनन-फानन में रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई।
लाबी के पास घात लगाए बैठे थे हत्यारे
लोको पायलट जीके गौतम रविवार देर रात कांड्रा से मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद वह पैदल ही रेलवे ट्रैफिक कालोनी स्थित संयुक्त चालक एवं परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे।
इसी बीच, लॉबी गेट के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधी पास पहुंचे। इससे पहले कि गौतम कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनके सिर में पिस्तौल सटाकर ट्रिगर दबा दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जमीन कारोबार से जुड़ रहा हत्या का तार मृतक लोको पायलट मूल रूप से बिहार में
बेगूसराय जिले के बछवाड़ा अंतर्गत जहांगीर ग्राम के रहने वाले थे।
वर्तमान में वह आदित्यपुर में अपने परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि रेलवे की नौकरी के साथ-साथ गौतम जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से भीजुड़े हुए थे।
प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। मौके से एक खोखा बरामद, पुलिस कर रही जांच सरेआम हुई इस घटना के कई चश्मदीद गवाह मौजूद हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा और बागबेड़ा पुलिस समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर ने अस्पताल में लोको पायलट की मौत होने की पुष्टि की है।
पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं, साथी लोको पायलट की इस तरह हुई निर्मम हत्या से रेलकर्मियों में गहरा दहशत और भारी आक्रोश है।