गिरिडीह में गोलगप्पे खाने से फूड प्वाइजनिंग, एक बच्चे की मौत; दर्जनों बीमार
Giridih Food Poisoning: गिरिडीह के बजटो-कुम्हरगड़िया गांव में गोलगप्पे खाने से फूड प्वाइजनिंग हुई, जिसमें एक सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई और करीब चार ...और पढ़ें

, गिरिडीह। Giridih Food Poisoning: सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजटो-कुम्हरगड़िया गांव में शनिवार शाम गुपचुप (गोलगप्पे) खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग की घटना सामने आई। इस घटना में बच्चों समेत करीब चार दर्जन लोग बीमार हो गए, जिनमें एक सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
बीमार होने पर शुरुआत में ग्रामीणों ने स्थानीय झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन रविवार तक स्थिति बिगड़ने पर सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने सात वर्षीय रंजन कुमार वर्मा उर्फ कान्हा को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों में प्रिंस कुमार (9), सुजीत कुमार (16), रिंकी देवी (30), मधु वर्मा (17), बलराम प्रसाद वर्मा (35), कुमार बादल (12), जागृति कुमारी (13), हितेश कुमार (2), साक्षी कुमारी (6), मनीता कुमारी (13), दिवाकर प्रसाद वर्मा (12), संध्या कुमारी (6), रानी कुमारी (8), रिया कुमारी (11), रंजन कुमार (5) और रेखा देवी (27) शामिल हैं। कुछ मरीजों का इलाज निजी क्लीनिक में भी चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त रामनिवास यादव, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, सिविल सर्जन डा. बच्चा सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। डीसी ने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को पालमो से एक व्यक्ति गुपचुप बेचने गांव आया था। बच्चों के साथ महिलाओं और पुरुषों ने भी गुपचुप खाया, जिसके कुछ देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
मरीजों की संख्या अधिक होने से अस्पताल में दबाव बढ़ गया। अन्य चिकित्सकों को बुलाने का प्रयास किया गया, हालांकि पर्याप्त सहयोग नहीं मिल पाया। इस बीच चिकित्सक अहसान उत तौहिद लगातार सेवा में जुटे रहे।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृत बच्चे की मां रिंकी देवी खुद अस्पताल में भर्ती हैं और बेटे की मौत से सदमे में हैं।