तेज गेंदबाज हर्षित राणा टी-20 विश्व कप अभ्यास मैच में लगी चोट के कारण IPL 2026 से बाहर हो गए हैं। यह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए बड़ा झटका है, क ...और पढ़ें

हर्षित राणा चोट के कारण IPL 2026 से बाहर
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह एक बड़ा झटका
KKR जल्द ही रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की घोषणा करेगा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तेज गेंदबाज हर्षित राणा टी-20 विश्व कप से पहले अभ्यास मैच के दौरान लगी चोट के कारण शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं जो कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए बड़ा झटका है। दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध भारत के टी-20 विश्व कप अभ्यास मैच के दौरान इस तेज गेंदबाज के दाहिने घुटने के लिगामेंट में खिंचाव आ गया था। इसके बाद फरवरी में उनकी सर्जरी हुई और उन्हें लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन के लिए जाना पड़ा।
राणा के बाहर होने की वजह से कोलकाता का पेस अटैक काफी कमजोर दिखाई दे रहा है। इससे पहले बीसीसीआई के निर्देश पर टीम को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना पड़ा था। अब राणा का बाहर होना टीम के लिए एक और झटका है। तो वहीं श्रीलंका के पेसर मथीशा पथिराना को लेकर भी संशय बरकरार है। वे शुरूआती मैचों से उपलब्ध होंगे, इसको लेकर कुछ भी स्पष्टता नहीं है।
अभिषेक नायर ने बताया सबसे बड़ा झटका
केकेआर के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने कहा कि यह बड़ा झटका है, क्योंकि हर्षित राणा पिछले कुछ सत्र से टीम के अभिन्न अंग रहे हैं। इनमें वह सत्र भी शामिल है, जिसमें टीम चैंपियन बनी थी। पिछले एक साल में उन्होंने एक क्रिकेटर के रूप में काफी तरक्की की है। उन्होंने कहा कि हमें हर्षित राणा की कमी खलेगी। उनकी जगह भरना आसान नहीं है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में हमने कई गेंदबाजों को परखा है कि कौन इस भूमिका में फिट बैठता है और कौन अपनी पूरी क्षमता से यह काम कर सकता है। उम्मीद है कि हम कुछ दिनों में फैसला ले लेंगे।
KKR ने कई खिलाड़ियों के लिए टेस्ट
भारतीय पेसर के बाहर होने की खबरें पहले से ही सामने आ रही थी। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने भी तैयारियां शुरू कर दी थी। केकेआर ने पहले केएम आसिफ और सिमरजीत सिंह का ट्रायल लिया था। इसके बाद आकाश मधवाल और नवदीप सैनी को भी इसके लिए बुलाया था। हालांकि, अब तक राणा के रिप्लेसमेंट के रूप में किसी भी गेंदबाज के नाम का एलान नहीं किया गया है। नायर ने भी इस बात की ओर संकेत दिया है कि वे गेंदबाजों का टेस्ट लेने के बाद जल्द ही रिप्लेसमेंट के नाम की घोषणा करेंगे।