IPL 2026 में RCB की ओर से किया डेब्यू, ईशान किशन को नहीं बनाने दिया शतक
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले मैच में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का समाना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। ...और पढ़ें

ईशान किशन ने बनाए 80 रन।
रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
जैकब डफी और अभिनंदन सिंह ने डेब्यू किया
अभिनंदन ने ईशान किशन का अहम विकेट लिया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले मैच में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का समाना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। गत चैंपियन आरसीबी की ओर से तेज गेंदबाज जैकब डफी और पेसर अभिनंदन सिंह ने डेब्यू किया। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अभिनंदन सिंह कौन हैं।
टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते थे
उत्तर प्रदेश के इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने क्रिकेट में तेजी से नाम कमाया है। चार साल पहले वे टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते थे। अब वह सीजन के सबसे बड़े मैचों में से एक में आरसीबी की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं। इस मीडियम फास्ट बॉलर ने उत्तर प्रदेश टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने लखनऊ फाल्कन्स का प्रतिनिधित्व करते हुए 11 मैचों में 15 विकेट लिए।
प्रैक्टिस मैच में विराट को किया था आउट
अभिनंदन ने सीजन शुरू होने से पहले ही आरसीबी कैंप में अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने इंट्रा-स्क्वाड अभ्यास मैचों में विराट कोहली को आउट किया। इसके बाद से कयास लगाए जाने लगे थे कि वह आईपीएल डेब्यू कर सकते हैं। आरसीबी के तेज गेंदबाजी आक्रमण पर कई खिलाड़ियों की अनुपस्थिति का असर पड़ा है।
जोश हेजलवुड चोटिल हैं, वहीं यश दयाल पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए हैं। श्रीलंका के नुवान तुषारा को एनओसी नहीं मिली है। ऐसे में भुवनेश्वर कुमार और जैकब डफी जैसे सीनियर गेंदबाजों के साथ युवाओं को मौका मिलना तय था।
ईशान का विकेट चटकाया
अभिनंदन ने ईशान किशन को अपना पहला शिकार बनाया। ईशान किशन शतक से चूक गए। हैदराबाद के कप्तान ने 38 गेंदों पर 80 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान ईशान ने 8 चौके और 5 छक्के लगाए। अभिनंदन ने 3 ओवर गेंदबाजी की और 38 रन देकर 1 विकेट चटकाया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन
विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा।