Hardik Pandya Mahieka Sharma। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता। फाइनल में भारत ने 255/5 का विशा ...और पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Hardik Pandya Statement: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से मात दी और जीत के साथ रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।
हिस्ट्री तो डिफिट और रिपीट करने के नारे के साथ मैच खेलने उतरी टीम इंडिया ने इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का स्कोर खड़ा किया था और कीवी टीम को जीत के लिए 256 रन का टारगेट दिया, लेकिन वो 19 ओवर में 159 रन बनाकर ही ढेर हो गई।
इस तरह सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया बतौर मेजबान टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली और तीन बार ट्रॉफी पर कब्जा करने वाली पहली टीम बनी।
इस जीत के बाद स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा को उनकी सफलता का पीरा श्रेय दिया। बता दें कि हार्दिक अब उस एलीट क्लब का हिस्सा बन गए हैं, जिसका सपना हर क्रिकेटर देखता है। 2024 के बाद अब 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतकर हार्दिक दो बार के 'विश्व विजेता' बन चुके हैं। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद हार्दिक ने अपनी सफलता का सारा श्रेय अपनी लेडी लक माहिका शर्मा (Mahieka Sharma) को दिया है।
'माहिका के आने से बदल गई किस्मत'
पूरे टूर्नामेंट के दौरान माहिका शर्मा (Hardik Pandya GF Mahieka Sharma) हर मैदान पर हार्दिक का हौसला बढ़ाते हुए नजर आईं। खिताबी जीत के बाद हार्दिक ने दिल खोलकर कहा कि जब से माहिका मेरी लाइफ में आई है, तब से बस जीत ही जीत मिल रही है। वह मेरे लिए लकी चार्म साबित हुई है।
जीत के जश्न के बीच हार्दिक ने अपने भविष्य के इरादों से दुनिया को डरा दिया है। उन्होंने साफ किया कि वह अभी रुकने वाले नहीं हैं। पांड्या ने कहा,
मुझमें अभी 10 साल की क्रिकेट और बची है। मेरा लक्ष्य अगले एक दशक में भारत को 10 और ICC खिताब जिताना है। घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप डिफेंड करना बहुत इमोशनल है, मुझे कल से ही पता था कि हम ही चैंपियन बनेंगे।
-
हार्दिक पांड्या
सेमीफाइनल का वो 'प्रेशर' और 2024 की यादें
हार्दिक ने खुलासा किया कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जब वह 19वां ओवर डाल रहे थे, तो उनके दिमाग में 2024 वर्ल्ड कप फाइनल की यादें ताजा थीं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों ईशान किशन और अभिषेक शर्मा को भी यही सलाह दी कि दबाव के समय हमेशा अच्छी यादों को साथ रखें।
ऐसा रहा फाइनल मैच का हाल
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 255 रन बनाए थे, जो टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। संजू ने लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ा। उनके बल्ले से 46 गेंद में 89 रन निकले।
वहीं, अभिषेक शर्मा ने फॉर्म हासिल करते हुए 21 गेंदों में 52 रन जड़े, जबकि ईशान किशन ने 54 रन बनाए। 15 ओवर पूरे होने तक भारत ने 203 रन बना लिए थे। इस दौरान शिवम दुबे ने 8 गेंद में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 26 रन की तेज पारी खेली और भारत को 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19वें ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत ने ये मैच 96 रन से अपने नाम किया। कीवी टीम के लिए सिर्फ विकेटकीपर टिम सीफर्ट (52) और कप्तान मिचेल सैंटनर (43) का ही बल्ला चला। मैच में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 तो अक्षर ने 3 विकेट लिए, जबकि हार्दिक, वरुण और अभिषेक को 1-1 सफलता मिली।