आनंद विहार-पुरुलिया साप्ताहिक एक्सप्रेस की टिकट बुकिंग में आ रही समस्या, यात्री हो रहे परेशान
नई आनंद विहार-पुरुलिया साप्ताहिक एक्सप्रेस की बुकिंग केवल एक तरफ से शुरू हुई है, जिससे यात्रियों में असमंजस है। रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि ...और पढ़ें
-1774722666042_v.webp)
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस की बुकिंग एकतरफा शुरू हुई।
पुरुलिया से वापसी यात्रा की टिकट बुकिंग लंबित है।
रेलवे ने जल्द बुकिंग शुरू करने का आश्वासन दिया।
संवाददाता, रांची। लंबे इंतजार के बाद रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा कर दी है।
इस ट्रेन की टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है, लेकिन फिलहाल यह सुविधा केवल एक ही दिशा में उपलब्ध है, जिससे यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल से चलने वाली ट्रेन संख्या 14022/14021 आनंद विहार टर्मिनल–पुरुलिया एक्सप्रेस की बुकिंग अभी सिर्फ आनंद विहार टर्मिनल से ही हो रही है।
टिकट बुकिंग नहीं होने से यात्री परेशान
वहीं, 3 अप्रैल (शुक्रवार) से पुरुलिया से चलने वाली वापसी ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग शुरू नहीं होने से यात्री परेशान हैं। कई यात्रियों ने आगे की यात्रा को लेकर चिंता जताई है और कुछ खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं।
ट्रेन संख्या 14022 हर गुरुवार सुबह 5:00 बजे आनंद विहार टर्मिनल से प्रस्थान करेगी और अगले दिन शुक्रवार को सुबह 10:40 बजे पुरुलिया पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 14021 हर शुक्रवार शाम 5:00 बजे पुरुलिया से खुलेगी और शनिवार रात 11:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुरुलिया से आनंद विहार के लिए टिकट बुकिंग भी जल्द शुरू कर दी जाएगी। इस संबंध में जोनल कार्यालय से एक-दो दिनों में आदेश जारी होने की संभावना है।
आद्रा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम विकास कुमार ने भी पुष्टि की है कि जल्द ही दोनों दिशाओं में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस ट्रेन का ठहराव कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा, जिनमें मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या कैंट, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, लोहरदगा, रांची और मुरी शामिल हैं।
ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें वातानुकूलित, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे, ताकि हर वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिल सके।
उल्लेखनीय है कि इस ट्रेन का उद्घाटन 14 मार्च को पुरुलिया से किया जा चुका है। उद्घाटन के बाद ट्रेन रांची रेलवे स्टेशन पहुंची थी, जहां से इसे आगे के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सदस्य महुआ माजी और विधायक सीपी सिंह भी मौजूद थे।
टिकट दर (आनंद विहार–रांची)स्लीपर: 605 रुपये
थर्ड एसी: 1565 रुपये
सेकंड एसी: 2235 रुपये
फर्स्ट एसी: 3750 रुपये