पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने नितिन नवीन से की मुलाकात, भाजपा में शामिल होने की अटकलें
बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने कोलकाता में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। ...और पढ़ें

पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस। (फाइल फोटो)
पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने नितिन नवीन से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज।
बंगाल चुनाव में भाजपा टिकट पर लड़ने की संभावना।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने कोलकाता के दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मंगलवार रात मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई है।
कहा जा रहा है कि पेस बंगाल से भाजपा के टिकट पर चुनाव में भी उतर सकते हैं। इससे पहले करीब चार साल पूर्व लिएंडर पेस ने गोवा में तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ली थी। हालांकि गोवा चुनाव के बाद पार्टी में उनकी सक्रियता नहीं देखी गई। भाजपा की ओर से यह बात सामने आ रही है कि नितिन नवीन और उनकी पार्टी चाहती हैं कि लिएंडर पार्टी का झंडा थामे।
मुलाकात रही सकारात्मक
भाजपा सूत्रों ने बताया कि लिएंडर पेस की नितिन नवीन के बैठक सकारात्मक रही। बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। हालांकि, दोनों पक्षों में से किसी ने भी इस पर फिलहाल सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। नितिन नवीन दो दिवसीय बंगाल दौरे पर हैं। वे पार्टी की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
राजनीतिक मंच पर दिख चुके हैं लिएंडर
बंगाल भाजपा का मानना है कि अगर वे लिएंडर को पार्टी में लाने में सफल होते हैं, तो इससे खेल जगत को एक संदेश मिलेगा। साथ ही शिक्षित समाज के बीच बंगाल भाजपा की छवि भी सुधरेगी। इसीलिए नितिन नवीन चाहते हैं कि लिएंडर कमल के चिन्ह वाले हरे और भगवा झंडे को थामे।
लिएंडर पेस इससे पहले फरवरी 2022 में गोवा विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले 29 अक्टूबर 2021 को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। उस समय लिएंडर ने कहा था- दीदी (ममता बनर्जी) सचमुच एक चैंपियन हैं।
हालांकि अब पूर्व टेनिस स्टार तृणमूल के किसी भी कार्यक्रम में काफी समय से नजर नहीं आए हैं। ऐसे में भाजपा अध्यक्ष से उनकी मुलाकात के बाद अटकलें तेज है। भाजपा ने बंगाल में अभी तक 38 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। क्या लिएंडर का नाम उस सूची में हो सकता है। अटकलें तेज हो रही हैं।