पीएम मोदी से मिले आरपीआई अध्यक्ष रामदास आठवले, कई मुद्दों पर हुई बातचीत
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के अध्यक्ष रामदास आठवले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में अवसर देने के ...और पढ़ें
आठवले ने राज्यसभा सदस्य बनने पर पीएम का आभार जताया।
एससी/ओबीसी छात्रों की छात्रवृत्ति बढ़ाने की मांग की।
जनगणना में बौद्धों के उचित वर्गीकरण का सुझाव दिया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
इस अवसर पर आठवले ने तीसरी बार राज्यसभा सदस्य के रूप में अवसर प्रदान करने हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके प्रति प्रधानमंत्री जी के विश्वास और मार्गदर्शन का प्रतीक है, जिसे वे पूर्ण निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे।
आठवले ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर देश में सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस मुलाकात के दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति (SC) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति में वृद्धि का विषय भी प्रधानमंत्री के सामने रखा, जिससे इन वर्गों के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
आठवले ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इन मूल्यों को और सशक्त किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जनगणना के दौरान बौद्ध धर्म अपनाने वाले व्यक्तियों के लिए उचित वर्गीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आरक्षण के लाभ से वंचित न होना पड़े।
आठवले ने कहा कि वे आगामी समय में देशभर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा, सामाजिक समरसता एवं संविधान के मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।