वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल-2026 के अपने पहले मैच में तूफानी पारी खेल अर्धशतक जमाया। उनकी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया ...और पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी ने जमाया तूफानी अर्धशतक
वैभव ने 15 गेंदों पर पूरी की फिफ्टी
राजस्थान रॉयल्स ने पहले मैच में चेन्नई को दी मात
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी तूफानी बैटिंग का मुजायरा पेश किया है। उन्होंने सोमवार को गुवाहाटी में अपने बल्ले से तूफान मचा दिया। उनकी आतिशी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल-2026 का आगाज जीत के साथ किया है और अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया। मैच के बाद 15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने बताया है कि यशस्वी जायसवाल बैटिंग के दौरान उनसे क्या कह रहे थे।
वैभव ने चेन्नई के खिलाफ 15 गेंदों पर अर्धशतक जमाया जो आईपीएल में राजस्थान के लिए दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 17 गेंदों पर चार चौके और पांच छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। इस पारी के दम पर राजस्थान ने चेन्नई द्वारा रखे गए 128 रनों के टारगेट को 12.1 ओवरों में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
ये थी प्लानिंग
मैच के बाद वैभव ने बताया कि उनकी प्लानिंग पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की थी जिसमें वह सफल रहे। उन्होंने कहा, "प्लान पावरप्ले में तेजी से रन बनाने का था। शुरुआत में विकेट पर गेंद रुककर आ रही थी, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो गई।"
वैभव से जब पूछा गया कि क्या वह गेंद को डिफेंस करने के बारे में भी सोचते हैं या फिर अटैक ही करना चाहते हैं? इस पर वैभव ने कहा, "मैं डिफेंस करने के बारे में सोचता हूं, लेकिन आज प्लान ये था कि पावरप्ले में मैच का फैसला कर देना है क्योंकि हमने उन्हें कम स्कोर पर रोक दिया था।"
कोचेस ने दिलाया भरोसा
वैभव ने कहा कि कोचेस की तरफ से उनको पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, "कोचेज ने मुझसे कहा था कि वह मेरे साथ हैं और पूरा समर्थन करेंगे। तैयारी अच्छी है। हम यहां पहले आ गए थे। उन्होंने मुझसे गेम को पढ़ने और अपने खेल के साथ बने रहने को कहा।"
वैभव ने बताया कि उनके सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल उन्हें बार-बार टोक नहीं रहे थे बल्कि कह रहे थे कि गेंद बल्ले पर आ रही तो मारो। वैभव ने कहा, "हर गेंद के बाद जायसवाल ने मुझसे सिंगल लेने को नहीं कहा। वह मुझसे कह रहे थे अगर गेंद बल्ले पर आ रही है तो मार।"
वैभव सूर्यवंशी का जन्मदिन कुछ ही दिन पहले 27 मार्च को था। उनसे जब बर्थडे सेलिब्रेशन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "सब लोग चेहरे पर केक लगा देते हैं तो इसलिए मैं उस दिन जल्दी सो गया था।"