अगर मोबाइल नंबर हो गया बंद तो खाते से करा लें डी-लिंक, वरना हो जाएगा नुकसान
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि यदि उनका कोई मोबाइल नंबर अब सक्रिय नहीं है और बैंक खाते से जुड़ा हुआ है, तो उसे तुरंत डी-लिंक करा लें। निष्क्रिय नंबरों ...और पढ़ें

। कुछ साल पूर्व तक मोबाइल कंपनियां तरह-तरह का आफर उपभोक्ताओं के लिए ला रही थी। नंबर बंद होने का भी खतरा नहीं था। इस वजह से लोगों ने कई-कई मोबाइल नंबर ले लिए लेकिन अब नंबर को चालू रखने के लिए भी एक निश्चित राशि का वाउचर रिचार्ज कराना अनिवार्य है। ऐसे में लोगों ने बेवजह लिए गए नंबरों को रिचार्ज कराना छोड़ दिया है।
लंबे समय तक बंद रहने के बाद उक्त नंबर अब अन्य लोगों को आवंटित किया जा रहा है। अगर आपने भी कोई नंबर लेने के बाद उसे रिचार्ज कराना छोड़ दिया है तो यह जांच लें कि वह आपके किसी बैंक खाते से तो नहीं जुड़ा है। अगर वह किसी बैंक खाते से जुड़ा है तो संबंधित ब्रांच में जाकर उसे डी लिंक करा लें वरना आपका बैंक खाता खाली हो सकता है।
जिले में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। पिछले दिनों साहिबगंज व्यवहार न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता देवेंद्र प्रसाद सिंह ने मिर्जाचौकी के राजकिशोर मंडल को मोबाइल नंबर के माध्यम से 10 हजार रुपये भेजे। वह राशि राजकिशोर मंडल को नहीं मिली।
बाद में पता चला कि राजकिशोर मंडल ने अपना मोबाइल सिम के साथ जहानाबाद के एक व्यक्ति को बेचा था। बाद में जहानाबाद के व्यक्ति ने उक्त मोबाइल नंबर को अपने खाते से जुड़वा लिया।ऐसे में उक्त राशि उसके खाते में चली गयी। काफी अनुरोध के बाद भी उसने राशि वापस नहीं की।
90 दिनाें तक रिचार्ज न कराने पर निबंधन हो जाता रद:
अधिकतर कंपनियों में 90 दिन तक रिचार्ज नहीं कराने पर मोबाइल कंपनियों का निबंधन रद कर दिया जाता है और यह दूसरे को आवंटित कर दिया जाता है। हालांकि, बीएसएनएल में यह अवधि छह माह यानी 180 दिनों की होती है।
अगर किसी व्यक्ति ने अपना मोबाइल नंबर किसी भी बैंक में अपने खाते में जुड़वाया है और उसे रिचार्ज कराना छोड़ दिया है तो संबंधित बैंक में जाकर उसे डी लिंक करा लें क्योंकि लंबे समय तक रिचार्ज नहीं कराने पर वह नंबर दूसरे को आवंटित कर दिया जाएगा। इसके बाद संबंधित व्यक्ति उनके खाते में सेंधमारी कर सकता है। - सुधीर कुमार, एलडीएम, साहिबगंज
वर्तमान समय में साइबर जागरूकता काफी जरूरी है। थोड़ी सी असावधानी से आपका बैंक खाता खाली हो सकता है। अगर आपने अपने किसी मोबाइल नंबर का उपयोग बंद कर दिया है तो यह सुनिश्चित कर लें कि वह किसी बैंक खाते से तो नहीं जुड़ा है। भुगतान संबंधी अन्य प्लेटफार्म से भी उसे हटा दें। - विजय कुशवाहा, नोडल पदाधिकारी, साइबर सेल