धनबाद में 18 मार्च को मेयर लेंगे शपथ, डिप्टी मेयर के लिए नंबर गेम जुटाने में जुटे दावेदार
Dhanbad Mayor Swearing: धनबाद में 18 मार्च को नगर सरकार के लिए महत्वपूर्ण दिन होगा। मेयर संजीव सिंह और सभी 55 वार्ड पार्षद उपायुक्त कार्यालय में शपथ ल ...और पढ़ें
-1772789116849_v.webp)
नगर की सरकार के लिए 18 मार्च काफी महत्वपूर्ण होने जा रहा है। यह कोई आम दिन नहीं बल्कि निर्वाचित मेयर और वार्ड पार्षदों के लिए खास होगा।
इस दिन मेयर और सभी 55 पार्षद उपायुक्त कार्यालय में शपथ ग्रहण करेंगे। यह वहीं दिन होगा जब सभी पार्षद मिलकर डिप्टी मेयर भी चुनेंगे। केवल यही नहीं इस लिहाज से भी यह दिन इसलिए भी खास होगा क्योंकि नगर निगम बोर्ड का गठन और बोर्ड की पहली बैठक भी इस दिन की जाएगी।
ऐसा माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण के एक सप्ताह पूर्व सूचना भेजी जाएगी। दिन में 11 बजे मेयर संजीव सिंह को हजारीबाग आयुक्त मनोज कुमार शपथ ग्रहण कराएंगे। वहीं, पार्षदों को उपायुक्त आदित्य रंजन शपथ दिलाएंगे। उसके बाद 12 बजे डिप्टी मेयर चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
नामांकन दाखिल करने के लिए आधे घंटे का समय निर्धारित होगा। इस दौरान उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे। प्रत्येक नामांकन पत्र में एक प्रस्तावक और एक समर्थक का हस्ताक्षर होना अनिवार्य होगा। जो स्वयं निर्वाचित हो। जो पार्षद स्वयं उम्मीदवार होगा, वह किसी अन्य उम्मीदवार को प्रस्तावक या समर्थक नहीं बन सकेगा।
वहीं, एक बजे तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी तथा एक बजे से 1:15 तक नाम वापसी का समय है। गलत, अपूर्ण या विधिसम्मत शर्तों को पूरा नहीं करने नामांकन पत्रों को रद कर दिया जाएगा।
अगर केवल एक वैद्य नामांकन प्राप्त होने की स्थिति में संबंधित उम्मीदवार को निर्विरोध में निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। मतदान गुप्त होगा पार्षद अपनी पसंद के उम्मीदवार के सामने हां या ना चिंह्न लगाकर मत देंगे। निर्वाचित उम्मीदवार को प्रपत्र-42 में प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा व परिणाम जिला गजट में प्रकाशित किए जाएंगे।
डिप्टी मेयर पद के कई दावेदार, नंबर गेम जुटाने की कवायद तेज
वहीं, 18 मार्च को डिप्टी मेयर का चुनाव होना है। कई वार्ड पार्षदों ने लांबिंग तेज कर दी है। डिप्टी मेयर के दावेदार निर्वाचित पार्षदों को अपने खेमे में करने के लिए जोड़ तोड़ शुरू कर दी है और एक दूसरे से संपर्क साधने में लग गए है।
पद हासिल करने के लिए कई तरह के जाल फेंके जा रहे हैं। इसमें न केवल जातीय गोटी भी सेट करने की तैयारी चल रही है बल्कि धनबल और बाहूबल का भी हथियार चलाया जा रहा है।
अलग-अलग वार्डों से जीतकर आए पार्षद अब नई रणनीति और समीकरणों के केंद्र में हैं। संभावित आंकड़ों और समीकरणों के आकलन के बीच डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
चर्चा है कि वार्ड 20 से अशोक पाल, वार्ड 25 से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने वाले प्रिय रंजन व मनोरंजन, वार्ड सात से अरुण कुमार चौहान, वार्ड छह से कल्पना महतो, सुमन सिंह समेत अन्य कई नाम चर्चा में है।
कुल मिलाकर डिप्टी मेयर का चुनाव काफी रोचक होने वाला है। पहली बार पार्षद पद पर जीत कर आए वार्ड 26 के पार्षद विकास रंजन ने डिप्टी मेयर पद पर अपनी मजबूत दावेदारी ठोकी है। बताते चले कि डिप्टी मेयर बनने के लिए 55 वार्ड पार्षदों में से कम से कम 28 का समर्थन जरूरी है।