दांतों में दर्द से लेकर मसूड़ों की सूजन तक, ये 9 लक्षण चीख-चीख कर कह रहे हैं- 'डेंटिस्ट की जरूरत है'

दांतों में दर्द से लेकर मसूड़ों की सूजन तक, ये 9 लक्षण चीख-चीख कर कह रहे हैं- 'डेंटिस्ट की जरूरत है'

आमतौर पर हम दांतों की छोटी-मोटी समस्याओं को टाल देते हैं और डॉक्टर के पास तभी जाते हैं जब दर्द बर्दाश्त के बाहर हो जाता है। ...और पढ़ें





अगर आपके साथ भी हो रहा है ऐसा, तो डेंटिस्ट के पास भागने में ही भलाई है (Image Source: AI-Generated)


मुंह पूरे शरीर की सेहत का आईना होता है


9 लक्षण दिखें तो तुरंत डेंटिस्ट से मिलें


तंबाकू, शराब छोड़ें, सही खानपान अपनाएं


लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज 20 मार्च को दुनियाभर में World Oral Health Day 2026 मनाया जा रहा है। क्या आप जानते हैं कि हमारा मुंह हमारे पूरे शरीर की सेहत का 'आईना' होता है?

मैक्स मल्टी स्पेशलिटी सेंटर, नोएडा के निदेशक और एचओडी (मैक्सिलोफेशियल सर्जरी और इंप्लांटोलॉजी) डॉ. केशव नैथानी के अनुसार, कई बार शरीर की गंभीर बीमारियों के लक्षण सबसे पहले हमारे मुंह में ही दिखाई देते हैं।

दिल की बीमारी, कैंसर, सांस की तकलीफ और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों और दांतों की समस्याओं के पीछे अक्सर एक जैसे ही कारण होते हैं। इनमें तंबाकू का सेवन, शराब पीना और बहुत ज्यादा मीठा खाना शामिल है। अगर इन शुरुआती समस्याओं का सही समय पर इलाज न किया जाए, तो ये न सिर्फ दांतों को बल्कि आपके पूरे शरीर को भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं।







(Image Source: AI-Generated)
9 लक्षण दिखते ही जाएं डेंटिस्ट के पास (Dental Health Warning Signs)

अगर आपको अपने मुंह या दांतों में नीचे दी गई कोई भी समस्या महसूस हो, तो तुरंत डेंटिस्ट से संपर्क करना चाहिए:मुंह में छाले या न भरने वाले घाव: अगर आपके मुंह में कोई लाल या सफेद निशान या छाला है जो दो हफ्ते से ज्यादा समय से ठीक नहीं हो रहा है, तो इसे हल्के में न लें। यह किसी गहरे इन्फेक्शन या ओरल कैंसर का संकेत हो सकता है।
लगातार सूजन या गांठ: मसूड़ों, जबड़े या गले के हिस्से में सूजन आना 'एब्सेस' का लक्षण हो सकता है। अगर इसका इलाज नहीं हुआ, तो यह इन्फेक्शन खून या आस-पास के हिस्सों में फैल सकता है।
पक्के दांतों का हिलना: वयस्कों के दांत हिलने नहीं चाहिए। अगर ऐसा हो रहा है, तो यह मसूड़ों की गंभीर बीमारी, किसी चोट या ऑस्टियोपोरोसिस का इशारा हो सकता है।
मसूड़ों से खून आना: खाना खाते समय या ब्रश करते वक्त मसूड़ों से खून आना मसूड़ों की बीमारी (जिंजिवाइटिस या पेरियोडोंटाइटिस) का सबसे आम लक्षण है, जिस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।
दांतों में झनझनाहट: ज्यादा ठंडा, गरम या मीठा खाने पर दांतों में तेज झनझनाहट होना यह बताता है कि दांतों की ऊपरी परत घिस गई है, दांतों में कैविटी है या दांत क्रैक हो गए हैं।
लगातार दांतों में दर्द: अगर दांतों में लगातार दर्द बना रहता है, तो इसका मतलब है कि दांतों में सड़न हो चुकी है और उसे इलाज की सख्त जरूरत है।
सांसों की बदबू और मुंह का खराब स्वाद: अगर आपके मुंह से लगातार बदबू आती है या स्वाद अजीब रहता है, तो यह मसूड़ों की बीमारी, इन्फेक्शन या कैविटी के कारण हो सकता है।
जबड़े में दर्द या आवाज आना: जबड़ा हिलाते समय दर्द होना, परेशानी महसूस होना या 'कट-कट' की आवाज आना टीएमजे डिसऑर्डर का संकेत हो सकता है।
मुंह का हमेशा सूखना: लंबे समय तक मुंह सूखने की वजह से मसूड़ों की बीमारी और कैविटी का खतरा बहुत बढ़ जाता है। यह किसी दवाई के साइड इफेक्ट, डिहाइड्रेशन या किसी अन्य बीमारी के कारण हो सकता है।
ओरल हेल्थ को बेहतरीन बनाए रखने के उपाय

ओरल हेल्थ से जुड़ी समस्याओं से बचना बहुत आसान है:
सही खानपान: अपनी डाइट में चीनी कम करें। ताजे फल और सब्जियां ज्यादा खाएं और दिन भर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
तंबाकू से दूरी: किसी भी तरह के तंबाकू या सुपारी चबाने की आदत को पूरी तरह छोड़ दें।
शराब से परहेज: शराब से दूरी बनाएं।
सुरक्षा का ध्यान: साइकिल चलाते समय या खेलकूद के दौरान चेहरे और दांतों को चोट से बचाने के लिए माउथगार्ड या हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करें।
ब्रश करने का सही तरीका: दांतों को सड़न से बचाने के लिए फ्लोराइड बहुत जरूरी है। इसलिए दिन में दो बार फ्लोराइड वाले टूथपेस्ट से ब्रश जरूर करें।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »