झारखंड में स्कूली बच्चों के सपनों की उड़ान: पहली बार करेंगे हवाई सफर, दिल्ली में राष्ट्रपति से होगी मुलाकात

 झारखंड में स्कूली बच्चों के सपनों की उड़ान: पहली बार करेंगे हवाई सफर, दिल्ली में राष्ट्रपति से होगी मुलाकात




राउंडटेबल इंडिया के 'फ्लाइट ऑफ फैंटेसी' कार्यक्रम के तहत झारखंड के 15 आदिवासी बच्चे पहली बार हवाई यात्रा कर दिल्ली जा रहे हैं। वे राष्ट्रपति से मिलेंग ...और पढ़ें






HIGHLIGHTS

झारखंड के 15 बच्चे पहली बार हवाई यात्रा करेंगे।


दिल्ली में राष्ट्रपति भवन और संसद का भ्रमण करेंगे।


राउंडटेबल इंडिया ने 'फ्लाइट ऑफ फैंटेसी' कार्यक्रम आयोजित किया।


 शुभानी टोप्पो की खुशी का ठिकाना नहीं है। पहली बार वह हवाई जहाज से यात्रा करेगी और देश के राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेगी।

कक्षा पांच की छात्रा शुभानी पारसनाथ पब्लिक स्कूल, राज नगर हजाम (रांची) में पढ़ती है और सोमवार को अपने 15 साथियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना होगी। शुभानी अकेली नहीं है।

इस दल में रचिता मुंडा, जेवियर टोप्पो, अशोक कुमार और रूपू उरांव जैसे कई बच्चे शामिल हैं। ये सभी आदिवासी समुदाय से हैं और कक्षा पांच से दसवीं तक के विद्यार्थी हैं।

किसी के पिता मजदूरी करते हैं, किसी की आजीविका खेती से जुड़ी है, तो कोई हाइवा वाहन चलाता है। आर्थिक रूप से कमजोर इन बच्चों को यह सुनहरा अवसर राउंडटेबल इंडिया एरिया-16 (झारखंड-ओडिशा) के रांची चैप्टर ने उपलब्ध कराया है।


रविवार को धुनकी रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में राउंडटेबल इंडिया के अध्यक्ष आकाश खोसला, विक्रांत छाबड़ा, अर्पित जैन और मीडिया प्रभारी पौरुष जैन ने बताया कि फ्लाइट आफ फैंटेसी कार्यक्रम के तहत झारखंड और ओडिशा के 70 जरूरतमंद बच्चों को पहली बार हवाई यात्रा कराई जा रही है।
कार्यक्रम के तहत सोमवार को राउंडटेबल इंडिया एरिया-16 के सदस्य अपने-अपने शहरों से बच्चों को लेकर रांची एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली में बच्चों को राष्ट्रपति भवन और संसद भवन का भ्रमण कराया जाएगा।

इसके बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सभी बच्चों को अपने दिल्ली स्थित आवास पर दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया है। बच्चों के ठहरने की व्यवस्था एक स्टार होटल में की गई है, जहां उनके भोजन और अन्य सुविधाओं का समुचित प्रबंध रहेगा।


इस यात्रा में पारसनाथ पब्लिक स्कूल के कुल 15 बच्चे शामिल हैं। बच्चों की यात्रा की जिम्मेदारी रांची समारिटन राउंडटेबल 244, रांची यूटोपियन राउंडटेबल 284 और रांची एंकोरेज राउंडटेबल 160 ने संयुक्त रूप से उठाई है।

सोमवार सुबह 10 बजे बच्चों की फ्लाइट है। रांची एयरपोर्ट पर फ्लैग आफ कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सदस्य महेश पोद्दार, इनकम टैक्स कमिश्नर निशा उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

गौरतलब है कि राउंडटेबल इंडिया और लेडीज सर्कल इंडिया युवाओं की एक सामाजिक संस्था है, जो वंचित बच्चों के लिए स्कूल और कक्षाओं के निर्माण का कार्य करती है। अब तक देशभर में संस्था द्वारा 9,000 से अधिक कक्षाओं का निर्माण किया जा चुका है।


यात्रा में स्कूल के प्रधानाध्यापक राजू उरांव भी बच्चों के साथ जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह उनकी पहली हवाई यात्रा है और वे सचमुच अपने सपनों की उड़ान भरने जा रहे हैं।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »