रांची नगर निगम चुनाव में रोशनी की जीत: पिता के गले लगते ही छलक पड़े आंसू, केंद्रीय मंत्री ने बंधाया ढांढस

 रांची नगर निगम चुनाव में रोशनी की जीत: पिता के गले लगते ही छलक पड़े आंसू, केंद्रीय मंत्री ने बंधाया ढांढस



रांची मेयर चुनाव में रोशनी खलखो ने जीत दर्ज की। मतगणना केंद्र पर अपने पिता को देखकर वे भावुक हो गईं और गले मिलकर रो पड़ीं। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और ...और पढ़ें





 रांची नगर निगम के मेयर पद पर जीत दर्ज करने के बाद रोशनी खलखो के लिए सबसे भावुक पल वह था, जब उन्होंने मतगणना केंद्र के बाहर अपने पिता को इंतजार करते हुए देखा।

जीत की खुशी और वर्षों की मेहनत की याद ने उन्हें इतना भावुक कर दिया कि वे खुद को रोक नहीं पाईं और पिता के गले लगते ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

यह भावुक दृश्य ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना स्थल का है, जहां रात्रि 12 बजे रोशनी खलखो ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमा खलखो को हराकर पहली बार रांची की मेयर बनने का गौरव हासिल किया।

जैसे ही जीत की औपचारिक घोषणा हुई, मतगणना केंद्र के बाहर मौजूद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। चारों ओर रोशनी खलखो जिंदाबाद के नारे गूंजने लगे और समर्थकों ने फूलों की माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।

इसी बीच जब रोशनी खलखो मतगणना केंद्र से बाहर निकलीं तो उनकी नजर अपने पिता पर पड़ी, जो भीड़ के बीच खड़े होकर बेटी का इंतजार कर रहे थे। पिता को देखते ही रोशनी की आंखें नम हो गईं। वे दौड़कर उनके पास पहुंचीं, गले लगीं और अपने गले की माला उतारकर पिता को पहना दी।

केंद्रीय मंत्री ने बढ़ाया ढांढस

भावुक होकर उन्होंने कहा, “पापा, आपकी दुआ और आशीर्वाद से ही मेरी मेहनत रंग लाई है। इस भावुक पल को देखकर वहां मौजूद समर्थक भी भावुक हो उठे। कुछ देर के लिए माहौल तालियों और नारों से गूंजता रहा।
इससे ठीक पहले रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची के विधायक नवीन जायसवाल भी मतगणना स्थल पहुंचे थे और रोशनी खलखो को जीत की बधाई दी।

रक्षा राज्य मंत्री ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा, यह रोने का नहीं, बल्कि खुशी मनाने का पल है। जनता ने आप पर भरोसा जताया है।

रोशनी खलखो की जीत के बाद ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों की थाप, फूलों की बारिश और लगातार लगते नारों के बीच जीत का जश्न देर तक चलता रहा।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »