3 डक के बाद भी Abhishek Sharma का 'जोश' हाई, सुपर-8 से पहले कोच गंभीर भी नहीं रोक पाए अपनी हंसी-
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है, वे लगातार तीन बार डक पर आउट हुए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सु ...और पढ़ें
सुपर-8 में भारत का आज साउथ अफ्रीका से सामना
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा मैच
अभिषेक शर्मा ने सुपर-8 से पहले टीम का यूं बढ़ाया हौसला
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 'सुपर 8' मैच में साउथ अफ्रीका का सामना करने से पहले भारतीय टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। अपने पहले आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार तीन बार डक पर अभिषेक आउट हुए हैं।
अब सुपर-8 मैच में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीदे हैं। आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-साउथ अफ्रीका के बीच सुपर-8 मैच खेला जाना है। इस मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान अभिषेक ने टीम को एक ऐसी 'मोटिवेशनल स्पीच' दी, जिसे देख कोच गौतम गंभीर भी ठहाके लगाने पर मजबूर हो गए। ये वीडियो बीसीसीआई ने अपने एक्स पर शेयर किया है।
Abhishek Sharma ने सुपर-8 से पहले टीम का यूं बढ़ाया जोश
दरअसल, बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए वीडियो में अभिषेक शर्मा टीम के साथ अपने विचार शेयर करते नजर आए। वीडियो में देखा गया कि फ्लडलाइट्स के नीचे भारतीय खिलाड़ी इकट्ठा होते हैं। इस दौरान अभिषेक टीम हडल में एंट्री करते हैं। उन्होंने छोटा लेकिन जोश से भरी स्पीच दी। उन्होंने कहा,
यह एक चैंपियन टीम की पहचान है। आइए हम एक-दूसरे के प्रदर्शन का आनंद लेना जारी रखें। अभी हम यही सबसे अच्छी चीज कर रहे हैं। सभी मैचों में हम जो ऊर्जा दिखा रहे हैं वह शानदार है। हम यहां सभी मैच जीतने के लिए आए हैं।
अभिषेक शर्मा
अभिषेक ने अपनी बात का अंत पूरे जोश के साथ 'जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल' के नारे से किया। उनके इस अंदाज पर पूरी टीम ने जोरदार दहाड़ लगाई। वहीं, हेड कोच गौतम गंभीर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और खिलखिला उठे। ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
अभिषेक शर्मा की फॉर्म बनी चिंता का विषय
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले एक्सपर्ट्स ने अभिषेक शर्मा को टॉप रन-स्कोरर का दावेदार माना था। फिलहाल दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज होने के बावजूद, यह हैरानी की बात है कि इस वर्ल्ड कप में उनके बल्ले से अभी तक एक भी रन नहीं निकला है। उन्होंने अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ शून्य पर आउट होकर शुरुआत की जबकि नामीबिया के खिलाफ बीमारी के कारण वो नहीं खेल पाए थे। हालांकि, नेट्स में घबरागट का कोई हिंट नहीं दिखा। उन्होंने हेड कोच गौतम गंभीर के साथ लंबा सत्र बिताया, जहां तकनीकी पहलुओं पर चर्चा हुई।