महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम पर डांस बार चलाने के आरोप लगे जिसके बाद उनके परिवार ने बार का लाइसेंस वापस कर दिया। शिवसेना (UBT) ने कदम के इस्तीफे की मांग की है। MLC अनिल परब ने मुख्यमंत्री को सबूत सौंपे और आरोप लगाया कि कदम ने अपनी मां के नाम पर लाइसेंस लेकर डांस बार चलाया।

महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम पर अपनी मां के नाम पर लाइसेंस लेकर डांस बार चलाने का आरोप लगा। मामले को लेकर जब विवाद खड़ा हुआ तो उनके परिवार ने सावली बार का ऑर्केस्ट्रा लाइसेंस वापस कर दिया। इस पर शिवसेना (यूबीटी) ने उनके इस्तीफे की मांग की है।
एमएलसी अनिल परब ने लाइसेंस सरेंडर को लेकर कहा कि इससे साबित होता है कि उन्होंने जो आरोप लगाए थे वो सच थे। उन्होंने कहा, "योगेश कदम को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए लेकिन लगता है कि मुख्यमंत्री लाचार हैं और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। कानून तो गृह राज्य मंत्री ने तोड़ा है, जिन्हें कानून का रक्षक माना जाता है।"
परब ने सीएम फडणवीस को सौंपे थे सबूत
एमएलसी अनिल परब ने बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी और इस बात के सबूत सौंपे थे कि योगेश कदम अपनी मां के लाइसेंस पर डांस बार चला रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने इस बात के भी सबूत दिए कि जगबुदड़ी नदी से निकली रेत, जो गरीब किसानों के घरों के लिए थी, वो कथित तौर पर रत्नागिरी में कदम परिवार से जुड़े एक डेंटल कॉलेज में भेजी जा रही थी।
शिवसेना (यूबीटी) एमएलसी ने दी थी चेतावनी
शुक्रवार को परब ने कदम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि अगर मुख्यमंत्री कार्रवाई नहीं करते हैं तो ये माना जाएगा कि वह डांस बार का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "गृह राज्य मंत्री जो कानून के रक्षक हैं वही कानून को रौंद रहे हैं। यह अफसोस की बात है कि मुख्यमंत्री कार्रवाई नही्ं कर सकते और असहाय हैं। अभी भी बहुत देर नहीं हुई है। मैंने पहले ही सभी सबूत सीएम को दे दिए हैं। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस भी राजनीतिक दबाव में है। तो कदम को पहले इस्तीफा देना चाहिए।"
अनिल परब ने क्या आरोप लगाया?
उन्होंने कहा, "सावली बार का लाइसेंस योगेश कदम की मां के नाम पर है। वहां पर बार गर्ल डांस करती थीं। अश्लील डांस होता था और पैसे फेंके जाते थे। यह जानकारी पुलिस रिकॉर्ड और एफआईआर में दर्ज है। मुझे यह जानकारी आरटीआई के जरिए मिली। इसलिए यह झूठी तो नहीं हो सकती। जब छापेमारी की गई तो 22 बार डांसरों, 22 ग्राहकों और चार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि डांस बार वो नहीं चलाते कोई और चलाता है। तो जानकारी के लिए बात दें कि अगर कोई नौकर गलत काम करता है तो उसकी जिम्मेदारी मालिक की ही होती है। पुलिस के पास डांस बार के वीडियो फुटेज भी हैं।"