अमेरिका जाने वाले सावधान! इस मामूली गलती पर चुकाना पड़ सकता है भारी जुर्माना; CBP ने दी चेतावनी
कस्टम एंड बॉर्डर पुलिस (CBP) ने अमेरिका जाने वाले यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है जिसके अनुसार यात्रियों को अपने सामान में मौजूद सभी वस्तुओं जैसे कि मांस फल सब्जियां पौधे और बीज की जानकारी देनी होगी। जानकारी छिपाने पर जुर्माना या जेल भी हो सकती है। नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार में 1000 डॉलर तक का जुर्माना लग सकता है।

कस्टम एंड बॉर्डर पुलिस (CBP) ने अमेरिका जाने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। अमेरिका जाने वाले लोगों को अपने सामान की हर एक जानकारी देना आवश्यक होगा। मसलन मीट से लेकर फल, सब्जियां या अन्य चीजें ले जाने पर इसकी लिस्ट CBP को देनी होगी। यह जानकारी छिपाने वाले यात्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
CBP ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अपने साथ मीट, फल, सब्जी, पौधे, बीज, मिट्टी, कोई भी जानवर या पौधे और जानवरों से बनी चीजें अमेरिका ले जाने पर इसकी जानकारी देना आवश्यक होगा। ऐसा न करने पर जुर्माना या जेल हो सकती है।
CBP ने शेयर की तस्वीर
इस पोस्ट के साथ CBP ने एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें कुत्ता एक मीट की शिनाख्त करते देखा जा रहा है। मीट के रूप में सुअर का सिर रखा है, जिसे एल्युमिनियम फॉयल में लपेटा गया है।
क्या कहते हैं नियम?
CBP के नियम के अनुसार, अमेरिका आने वाले सभी यात्रियों को अपने साथ लाए गए मीट, फल, सब्जी, पौधे, जानवरों, मिट्टी और बीज की जानकारी साझा करनी होगी। यात्रियों के बैग, लगेज और गाड़ी में शामिल सभी चीजों की जानकारी देना जरूरी है। इसके बाद CBP के अधिकारी निर्धारित करेंगे कि यह सामान ले जाने देना या नहीं?
देना होगा जुर्माना
अगर किसी यात्री ने CBP के नियमों का उल्लंघन किया तो उसे भारी जुर्माना चुकाना पड़ सकता है। बैग में मौजूद सामान की जानकारी छिपाने पर पहली बार में 1000 डॉलर (लगभग 84,000 रुपये) का जुर्माना देना पड़ सकता है।
टिकटॉकर को पकड़ा
इसी साल मार्च में अमेरिका के JKF एअरपोर्ट से ऐसा ही एक मामला सामने आया था। सिंगापुर से अमेरिका पहुंचे एक टिकटॉकर ने कस्टम को बताया कि उसके बैग में कोई भी ऐसी चीज मौजूद नहीं है। हालांकि, एअरपोर्ट से बाहर निकलते समय बॉर्डर एजेंट के डॉग स्क्वाड ने उसका बैग सूंघना शुरू कर दिया। बैग की तलाशी लेने पर एक केला निकला। टिकटॉकर का कहना था कि उसने इसके बारे में बिल्कुल याद ही नहीं था। इस दौरान CBP ने उसपर जानकारी छिपाने के लिए 500 डॉलर (लगभग 42,000 रुपये) का जुर्माना लगाया था।