वायनाड में अब भी 180 लोग लापता, 160 अंग मिले; अज्ञात मृतकों को दफनाया जा रहा

 वायनाड में अब भी 180 लोग लापता, 160 अंग मिले; अज्ञात मृतकों को दफनाया जा रहा


केरल के वायनाड में मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार तक 308 लोगों की मौत की खबर है। अब भी 180 लोग लापता हैं। 34 शवों की पहचान नहीं हो सकी है। बता दें कि 30 जुलाई की रात वायनाड में भूस्खलन ने भीषण तबाही मचाई थी। इस आपदा में चार गांव पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं। राहत एवं बचाव कार्य अब भी जारी है।

Wayanad Landslide: तलाशी अभियान में जुटा एनडीआरएफ का जवान। 


 केरल के वायनाड में भूस्खलन में मारे गए अज्ञात लोगों के शवों को जिला प्रशासन ने सामूहिक रूप से दफनाना शुरू कर दिया है। शवों को कई एंबुलेंस से कब्रिस्तान तक लाया गया। वायनाड में भूस्खलन में 308 लोगों की जान जा चुकी है। बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। राहत एवं बचाव में जुटी टीमें लोगों की तलाश में जुटी हैं।

34 शवों की नहीं हुई पहचान

केरल के मंत्री के. राजन जानकारी दी कि अब तक 220 शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं भूस्खलन प्रभावित वायनाड जिले में 180 लोग अब भी लापता हैं। 220 शवों के साथ 160 अंग भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि 34 शवों की पहचान नहीं हो पाई है। कुल 171 शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।



छठे दिन मलप्पुरम में मिला एक शव

बचाव अभियान के छठे दिन रविवार को मलप्पुरम से एक शव और सूजीपारा से एक शरीर का हिस्सा बरामद हुआ है। विभिन्न बलों के 1382 सदस्य और लगभग 1800 स्वयंसेवक बचाव अभियान में जुटे हैं। 30 जुलाई को वायनाड के चूरलमाला और मुंडक्कई में हुए भूस्खलन में शुक्रवार तक 308 लोगों की जान जा चुकी है।



केरल पुलिस ने शुरू की गश्त

उधर, केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक चूरलमाला और मुंडक्कई इलाकों में पुलिस ने रात में गश्त शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि पीड़ितों के घरों या इलाकों में रात में घुसने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बचाव कार्यों के लिए पुलिस की अनुमति के बिना किसी को भी रात में इन जगहों के घरों प्रवेश की अनुमति नहीं है।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »