आखिरकार फॉर्म में आए Sanju Samson, शतक जड़कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड; धोनी का भी टूटा कीर्तिमान
संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार शतक (115* रन) लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई और आलोचकों को जवाब दिया। यह आईपीएल म ...और पढ़ें

DC vs CSK: Sanju Samson ने रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Sanju Samson IPL 2026: टी-20 विश्व कप में आक्रामक बल्लेबाजी करके भारत को ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन आखिरकार आईपीएल में फॉर्म में लौट आए। पिछले तीन मैचों में छह, सात और नौ रनों की पारी खेलने वाले सैमसन ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार शतक लगाकर आलोचकों को जवाब ही नहीं दिया, बल्कि टीम को जीत भी दिलाई।
सैमसन की शतकीय पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में दो विकेट पर 212 रन बनाए। 213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 189 रन पर सिमट गई। चेन्नई की यह मौजूदा सत्र में पहली जीत है।
इस साल राजस्थान से चेन्नई सुपरकिंग्स में आए सैमसन राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शुरुआती तीन मैचों में कुछ नहीं कर पाए थे जिससे उनको सीएसके में लाने पर सवाल उठ रहे थे लेकिन उन्होंने दिल्ली के खिलाफ सबको शांत कर दिया। उन्होंने 52 गेंदों में 14 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 115 रन बनाए।
यह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उनका पहला और आईपीएल में कुल चौथा शतक है। इससे पहले वह अपनी पूर्व टीम राजस्थान रॉयल्स के लिए दो और दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक शतक लगा चुके हैं।
Sanju Samson ने रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी
सीएसके की जीत में संजू सैमसन ने नया इतिहास रचा। संजू आईपीएल के इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों (दिल्ली डेयरडेविल्स, राजस्थान रॉयल्स और सीएसके) के लिए शतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
इसके अलावा उन्होंने सीएसके के लिए बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो उन्होंने बतौर विकेटकीपर सीएसके की ओर से 84 रन की पारी खेलकर बनाया था। ऐसे में सीएसके की तरफ से आईपीएल में शतक लगाने वाले संजू सैमसन पहले विकेटकीपर बन गए हैं।
ये चौथी बार है जब सैमसन ने किसी आईपीएल सीजन का पहला शतक बनाया। इससे पहले 2017,2019, 2021 में संजू ये कारनामा कर चुके हैं।
दिल्ली की अच्छी शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन टीम इस लय को अंत तक बरकरार नहीं रख सकी। पथुम निसंका (41) और केएल राहुल (18) ने पहले विकेट के लिए 32 गेंदों में 61 रन जोड़े। इसके बाद डेविड मिलर (17) और ट्रिस्टन स्टब्स (60) ने पांचवें विकेट के लिए 26 गेंदों पर तेज 45 रन की साझेदारी की। हालांकि, इन दो साझेदारियों के अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहे।
आयुष का भी गरजा बल्ला
सैमसन के साथ युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने तेज रफ्तार से रन बनाते हुए टीम को मजबूती दी और 27 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा किया। आयुष 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। मौजूदा सीजन में यह उनका दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 73 रन की प्रभावशाली पारी खेली थी। सैमसन और आयुष ने दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 113 रन जोड़कर चेन्नई को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया।
इससे पहले सैमसन ने पहले विकेट के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 38 गेंदों में 62 रन की साझेदारी कर टीम को ठोस शुरुआत दिलाई थी।
पावरप्ले में नहीं लगा झटका
चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में पावरप्ले में शानदार बल्लेबाजी की और बिना विकेट गंवाए 61 रन बनाए। मौजूदा सीजन में यह पहला मौका था जब टीम ने शुरुआती छह ओवर में कोई विकेट नहीं खोया। इससे पहले राजस्थान के खिलाफ चेन्नई का स्कोर 41/4, पंजाब किंग्स के विरुद्ध 57/1 और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 77/3 रहा था।