झारखंड में शोध और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा, CM सोरेन ने पूरे राज्य में मोबाइल साइंस एग्जिबिशन बस चलाने का दिया निर्देश

 झारखंड में शोध और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा, CM सोरेन ने पूरे राज्य में मोबाइल साइंस एग्जिबिशन बस चलाने का दिया निर्देश


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के उच्च एवं तकनीकी संस्थानों में शोध, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना ब ...और पढ़ें




 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के उच्च एवं तकनीकी संस्थानों में शोध, स्टार्टअप, इनोवेशन एवं प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद को दिए हैं।


उन्होंने परिषद की सामान्य सभा की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विज्ञान एवं नवाचार को समाज एवं शासन की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना समय की मांग है। बैठक में राज्य में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शोध एवं नवाचार को सुदृढ़ बनाने तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में नवाचार आधारित वातावरण विकसित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा, संसाधन एवं संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, उपयुक्त मंच एवं संस्थागत सहयोग प्रदान करने की है। राज्य सरकार युवाओं, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं तकनीकी संस्थानों को नवाचार से जोड़ते हुए भविष्य उन्मुख शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में कहा गया कि विज्ञान एवं तकनीक आधारित पहल राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेंगी तथा झारखंड को ज्ञान-आधारित विकास की दिशा में अग्रसर करेंगी। बैठक में परिषद द्वारा तैयार झारखंड छात्र शोध एवं नवाचार नीति, 2026 तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में एआइ की पढ़ाई को लेकर तैयार रोडमैप पर भी चर्चा हुई।


बैठक में विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विधायक विकास मुंडा, मुख्य सचिव अविनाश कुमार,विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव के.
श्रीनिवास, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर सचिव राज कुमार गुप्ता, उच्च शिक्षा निदेशक सुधीर बारा, तकनीकी शिक्षा निदेशक सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।
सभी जिलों में संचालित हो मोबाइल साइंस एक्जिबिशन बस

मुख्यमंत्री ने बैठक में मोबाइल साइंस एग्जिबिशन बस को राज्य के सभी 24 जिलों में संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग, विशेषकर विद्यार्थी उसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार की पहल अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी। झारखंड में विज्ञान जागरूकता के लिए मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां पहले भी उपयोगी साबित हुई हैं।


उन्होंने यह भी कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक के साथ-साथ मैकेनिकल नवाचारों को बढ़ावा दिया जाए, ताकि कृषि कार्य अधिक सुलभ, आधुनिक और उत्पादक बन सकें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि साइंस सिटी केवल बच्चों के आकर्षण का केंद्र न रहे, बल्कि हर आयु वर्ग के लोग वहां पहुंचें, उसे देखें और उससे प्रेरित हों।
सरकारी स्कूलों के बच्चों को तारामंडल और साइंस सिटी का कराएं भ्रमण

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन साइंस केंद्र एवं तारामंडलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चों को देश के विभिन्न शहरों में स्थित साइंस सिटी एवं तारामंडलों का भ्रमण कराने के लिए विशेष पहल की जाए, ताकि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार के प्रति रुचि विकसित हो। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शोध एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग के लिए तैयार है।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »