मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री के नाम पर एक स्टैंड का अनावरण किया। ...और पढ़ें
-1775759265665_v.webp)
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री के नाम पर एक स्टैंड का अनावरण किया। इस मौके पर एसोसिएशन ने डायना एडुल्जी, एकनाथ सोलकर और दिलीप सरदेसाई सहित अन्य महान खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।
'शास्त्री स्टैंड' का अनावरण एक सेरेमनी में किया गया जिसमें सुनील गावस्कर और वर्तमान भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव सहित कई हस्तियां मौजूद थीं। वानखेड़े स्टेडियम के गेट का नाम पूर्व भारतीय कप्तान एडुल्जी, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सोलकर और सरदेसाई के नाम पर रखा गया है।
भावुक हो गए रवि शास्त्री
पूर्व भारतीय हेड कोच रहे शास्त्री वानखेड़े स्टेडियम में अपने भाषण के दौरान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "मेरी पत्नी और बेटी यहां है, उसने मुझे कभी खेलते हुए नहीं देखा। मेरी बहन और भतीजा यहां मौजूद हैं, मुझे खुशी है। बस एक ही निराशा है, मेरे पिता, वो मेरे हीरो थे, वो आज यहां नहीं हैं। उस समय वो हर मैच गरवारे पवेलियन के छोर से देखते थे, लेकिन वो अब स्वर्ग में हैं, उन्हें गर्व होगा कि ऐसा हुआ है।"
पसंदीदा शॉट मारा था
क्रिकेटर से कमेंटेटर बने शास्त्री ने अपने अनोखे अंदाज में कहा, "वानखेड़े स्टेडियम में मेरा एक शॉट है। मैंने 15 मैचों में ढेरों छक्के मारे हैं, लेकिन वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था। मैंने ब्रूस रीड को रवि शास्त्री स्टैंड के ऊपर छक्का मारा था, वो मेरा पसंदीदा शॉट है।"
बहुत बड़ा सम्मान है
पूर्व महिला क्रिकेटर एडुल्जी भी भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा, "यह मेरे और सभी महिला क्रिकेटरों के लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मेरा सपना सच हो गया है। यह मेरे लिए एक यादगार दिन है। मैं इस दिन को कभी नहीं भूलूंगी।" एडुल्जी ने 20 टेस्ट और 34 वनडे मैच खेले हैं। इस इवेंट में एकनाथ सोलकर और दिलीप सरदेसाई (दिवंगत) के परिवार भी उपस्थित थे।