नेतरहाट आवासीय विद्यालय में अब छात्राओं को मिलेगा एडमिशन, जैक लेगा परीक्षा; नई नियमावली लागू

 नेतरहाट आवासीय विद्यालय में अब छात्राओं को मिलेगा एडमिशन, जैक लेगा परीक्षा; नई नियमावली लागू


लातेहार स्थित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में अब छात्राओं का भी नामांकन होगा, जिसमें 33% सीटें आरक्षित रहेंगी। कक्षा छह में प्रवेश परीक्षा अब जैक द्वारा आ ...और पढ़ें





नेतरहाट आवासीय विद्यालय में अब छात्राओं को मिलेगा एडमिशन


छात्राओं के लिए 33% सीटें आरक्षित, नामांकन अब संभव।


कक्षा छह प्रवेश परीक्षा अब जैक द्वारा आयोजित होगी।


नई नियमावली से विद्यालय का प्रबंधन व सीटें बढ़ेंगी।


राज्य के सबसे प्रतिष्ठित सरकारी विद्यालय लातेहार स्थित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में अब छात्राओं का भी नामांकन होगा। छात्राओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी। साथ ही विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा अब झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) आयोजित करेगा।


राज्य सरकार ने इस आवासीय विद्यालय की पुरानी गरिमा को फिर से बहाल करने के लिए दो नई नियमावलियां गठित की हैं, जिनमें ये प्रविधान किए गए हैं। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद दोनों नियमावलियां अधिसूचित कर दी गईं।

जैक द्वारा आयोजित की जानेवाली प्रवेश परीक्षा के प्रारुप तथा सिलेबस तैयार करने की जिम्मेदारी माध्यमिक शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता वाली कमेटी को दी गई है।

विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित की जा चुकी है तथा उसका परिणाम भी जारी कर दिया गया है। ऐसे में नई नियमावली के तहत जैक द्वारा प्रवेश परीक्षा 2026-27 सत्र से आयोजित की जा सकती है।


नई नियमावली के अनुसार, प्रवेश परीक्षा प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा के रूप में आयोजित की जाएगी तथा दोनों में उत्तीर्णता के आधार पर आरक्षण कोटिवार चयन सूची तैयार होगी। इसमें 33 प्रतिशत स्थान बालिकाओं के लिए कोटिवार क्षैतिज रूप से आरक्षित होंगी।

प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ होंगे। इसके लिए आरक्षण कोटिवार न्यूनतम उत्तीर्णांक एवं परीक्षा का पाठ्यक्रम तथा विषयों के चयन पर माध्यमिक शिक्षा की अध्यक्षता वाली कमेटी निर्णय लेगी।

नई नियमावली में अगले तीन वर्ष में सीटों की संख्या दोगुनी तथा पांच वर्षों में तिगुनी करने का भी प्रविधान किया गया है। इस तरह, 47 वर्ष बाद विद्यालय में सीटें बढ़ेंगी। इससे पहले वर्ष 1982 में विद्यालय में कक्षा छह के लिए 100 सीटें निर्धारित की गई थीं।

पुरानी दोनों नियमावलियां निरस्त

राज्य सरकार ने दो नई नियमावलियां नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्रबंधन एवं संचालन नियामवली, 2026 तथा नेतरहाट आवासीय विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति एवं सेवाशर्त नियमावली, 2026 गठित की है।

इसके साथ ही पूर्व में इनकी जगह लागू नियमावलियां क्रमश: नेतरहाट विद्यालय समिति नियमावली, 2010 तथा शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति एवं सेवाशर्त नियमावली, 2011 को निरस्त कर दिया है।
अब चार निकायों के माध्यम से होगा विद्यालय का संचालन

अब विद्यालय का संचालन चार कमेटियाें के माध्यम से होगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एपेक्स बाडी, शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में सामान्य निकाय, विद्यालय के एक पूर्व छात्र की अध्यक्षता में कार्यकारिणी समिति तथा प्राचार्य की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया जाएगा।


सभी के कार्य एवं दायित्व तय कर दिए गए हैं। वर्तमान में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग मुख्यमंत्री के अधीन ही है, इसलिए एपेक्स बाडी तथा सामान्य निकाय दोनों के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे।
कार्यकारिणी समिति के सभापति के लिए मांगे जाएंगे ऑनलाइन आवेदन

कार्यकारिणी समिति के सभापति व सदस्यों का मनोनयन सामान्य निकाय द्वारा किया जाएगा। सभापति पद के लिए इसके लिए विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र होने के साथ-साथ न्यूनतम 10 वर्षों का प्रशासनिक/शैक्षणिक अनुभव अनिवार्य होगा।


मनोनयन के लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर ऑनलाइन आवेदन मंगाए जाएंगे। आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद आपत्ति एवं पक्ष की भी मांग की जाएगी, जिसके बाद चयन के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »