विराट कोहली ने वानखेड़े में खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ बड़ा कारनामा किया है। कोहली ने कुछ ऐसा किया है, जो इतिहास में कोई बल्लेबाज नहीं कर सका है ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए बड़ा कारनामा किया है। उन्हें मुंबई के खिलाफ विराट कारनामा करने के लिए 20 रनों की दरकार थी और वानखेड़े में 20 रन बनाते ही कोहली ने कुछ ऐसा किया, जो दुनिया का कोई भी बल्लेबाज नहीं कर सका है। एमआई के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार शुरूआत की।
कोहली और फिल सॉल्ट ने मुंबई के गेंदबाजों की कुटाई की और उन्हें विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी हुई। सॉल्ट ने आक्रमक रुख अपनाया, जबकि कोहली समझदारी के साथ एक-एक रन लेकर अपनी पारी को आगे बढ़ाते रहे। ऐसे में 20 रन बनाते ही उन्होंने मुंबई के खिलाफ 1000 रन पूरे कर लिए।
विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पूरे किए 1000 रन
विराट कोहली ने आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 1000 रन बना लिए हैं। उन्होंने 37 मैचों में ये कारनामा किया है। वे 5 बार की चैंपियन के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने 20 रन बनाते ही इस मुकाम को हासिल किया। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर केएल राहुल मौजूद हैं, जिन्होंने अब तक 977 रन बनाए हैं। तो वहीं तीसरे नंबर पर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज शिखर धवन का नाम है, जिनके बल्ले से 901 रन निकले हैं।
यह वीडियो भी देखें
मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे अधिक रन-विराट कोहली - 1000* रन (37 मैच)
केएल राहुल - 977 रन (21 मैच)
शिखर धवन - 901 रन (28 मैच)
अजिंक्य रहाणे - 888 रन (32 मैच)
सुरेश रैना - 850 रन (36 मैच)
विराट ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
विराट ने सॉल्ट के साथ शतकीय साझेदारी कर वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। टी20 क्रिकेट में कोहली अब सबसे अधिक बार 100 या उससे अधिक रनों की साझेदारी करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में 48 बार ये कारनामा किया है। गेल ने 47 बार ऐसा किया था।
टी20 में सबसे अधिक शतकीय साझेदरी-विराट कोहली - 48
क्रिस गेल - 47
बाबर आजम - 46
डेविड वॉर्नर - 45
फाफ डु प्लेसिस - 40
मुंबई के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी
हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम के खिलाफ कोहली और सॉल्ट की जोड़ी ने एक और कमाल कर दिखाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी हुई, जो बेंगलुरु के द्वारा मुंबई के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली का नाम है। दोनों ने 2023 में इसी टीम के खिलाफ 148 रनों की साझेदारी की थी।