श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी के आगे चारो खाने चित हुई चेन्नई, सीएसके से आगे निकली पंजाब
पंजाब किंग्स ने चेपॉक में खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराया। इसी के साथ पंजाब ने सीजन की लगातार दूसरी जीत हासिल की। पंजाब के ...और पढ़ें

पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया
पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराया
श्रेयस अय्यर ने खेली अर्धशतकीय पारी
चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए थे 209 रन
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में मात दे दी है। पंजाब ने आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी जीत हासिल की है। इससे पहले पंजाब ने गुजरात को हराया था। मुकाबले में पीबीकेएस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
पंजाब ने 210 रनों के लक्ष्या का पीछा आसानी से किया और उन्होंने 5 विकेट से मुकाबले को अपने नाम कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच में बेहतरीन पारी खेलते हुए अर्धशतक लगाया। सीएसके के लिए सीजन की शुरूआत बेहद खराब रही है क्योंकि वे लगातार दो मैच हार गए हैं। 5 बार की विजेता टीम को पहले मैच में राजस्थान के खिलाफ शिकस्त मिली थी और अब पंजाब ने भी उन्हें मात दी है।
पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया
चेन्नई के 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने शानदार शुरूआत की और सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। प्रियांश आर्या ने ताबड़तोड़ 11 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा प्रभसिमरन सिंह ने भी 34 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्के की मदद से 43 रनों बनाए। कूपर कोनोली ने भी 22 गेंदों पर 36 रन बनाए।
श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेली और उन्होंने 29 गेंदों पर 50 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उन्होंने ये पारी ऐसे समय में खेली, जब उन्हें गुजरात के खिलाफ मुकाबले में कूपर कोनोली के शॉट पर चोट लगी थी। चेन्नई के लिए मैट हेनरी ने 2 विकेट हासिल किए लेकिन उन्होंने 4 ओवर में 54 रन खर्चे। उनके अलावा अंशुल कंबोज को भी दो सफलता मिली। इस जीत के साथ पंजाब अब चेन्नई से हेड टू हेड के मामले में आगे निकल गई है। दोनों टीमों के बीच इससे पहले 32 मुकाबले खेले गए थे और दोनों ने 16-16 मैचों में जीत हासिल की थी। अब पंजाब के नाम 17 जीत दर्ज हो गई है।
संजू सैमसन एक बार फिर हुए फ्लॉप
इस मुकाबले में टीम के अनुभवी बल्लेबाज संजू सैमसन एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके, लेकिन युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे (73) ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी ने न टीम की वापसी कराई बल्कि उनकी पारी के दम पर चेन्नई ने 200 से ज्यादा स्कोर भी खड़ा किया। सीएसके ने पंजाब किंग्स के सामने पांच विकेट पर 209 रन का स्कोर खड़ा किया। आयुष के अलावा शिवम दुबे ने 45* और सरफराज खान ने सिर्फ 12 गेंद में 32 रन की अहम पारी खेली।
चेन्नई ने बनाए 209 रन
गुवाहाटी में राजस्थान के विरुद्ध जो बल्लेबाज बेदम दिखे, वही अपने गढ़ चेपॉक स्टेडियम में पंजाब के गेंदबाजों पर जमकर बरसे। टॉस जीतकर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई की शुरुआत झटके के साथ हुई, जब संजू सैमसन पारी के दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट की अच्छी लेंथ की गेंद पर सैमसन का बल्ला किनारा ले बैठा और विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह ने आसान कैच लपक लिया। लगातार दूसरे मैच में सैमसन की विफलता ने टीम को शुरुआती दबाव में डाल दिया।
हालांकि इसके बाद क्रीज पर आए 18 वर्षीय आयुष म्हात्रे ने पूरी कहानी बदल दी। शुरुआत में थोड़े संयम के साथ खेलने के बाद आयुष ने तेजी से गियर बदला और पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। पहली चार गेंदों में खाता नहीं खोल पाने वाले इस युवा बल्लेबाज ने इसके बाद उसी ओवर में बार्टलेट को लगातार तीन चौके जड़कर अपनी मंशा साफ कर दी। इस ओवर में चेन्नई ने 15 रन बटोरे और यहीं से मैच का रुख बदलता नजर आया।
पावरप्ले में सीएसके का आक्रामक अंदाज
पावरप्ले के दौरान चेन्नई ने आक्रामक रुख बनाए रखा और छह ओवर में 57 रन जोड़ लिए। गुवाहाटी में राजस्थान के विरुद्ध जो बल्लेबाजी संघर्ष करती दिखी थी, वही चेपॉक में पूरी तरह बदली हुई नजर आई। आयुष ने मैदान के चारों ओर शाट लगाते हुए शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। आयुष ने महज 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें चौकों और छक्कों की झड़ी शामिल रही। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक है।
दूसरे छोर पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए आयुष का अच्छा साथ निभाया। उन्होंने स्ट्राइक रोटेट कर युवा बल्लेबाज को खुलकर खेलने का मौका दिया। जहां आयुष आक्रामक अंदाज में रन बटोर रहे थे, वहीं गायकवाड़ पारी को स्थिरता प्रदान कर रहे थे। दोनों के बीच साझेदारी ने चेन्नई को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सातवें ओवर में आयुष ने मार्को जैंसन के विरुद्ध दो शानदार छक्के जड़कर अपनी पारी को और आक्रामक बनाया। उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास साफ झलक रहा था और वह हर गेंदबाज के विरुद्ध सहज नजर आए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी कर टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी।
सरफराज ने जमाया रंग
पिछले मैच में इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे सरफराज खान को इस बार टीम ने अंतिम एकादश में जगह दी। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सरफराज ने छोटी लेकिन तूफानी पारी खेली। उन्होंने अर्शदीप के एक ओवर में लगातार तीन चौके जड़े और 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे। सरफराज ने केवल 12 गेंदों में 32 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने पांच चौके व एक छक्के की मदद से 45 रन की अविजित पारी खेली। हालांकि, उनकी पारी बेकार हो गई और पंजाब ने मुकाबले में 5 विकेट से जीत हासिल की।