झारखंड में स्कूलों का समय बदला: भीषण गर्मी के बीच केजी से 8वीं तक की कक्षाएं 11:30 बजे तक
झारखंड सरकार ने लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। यह फैसला बच्चों को हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए लिया गया है, जो सरकारी ...और पढ़ें

लू से बचाने के लिए स्कूलों के समय में बदलाव
शिक्षकों को दोपहर 1 बजे तक रहना होगा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड में आसमान से बरसती आग और लू (Heat wave) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने बच्चों को हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए स्कूलों के संचालन समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव कर दिया है।
यह आदेश मंगलवार से राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी स्कूलों पर लागू होगा। इस कारण लू से बच्चों को काफी राहत मिलेगी।
नया समय सारिणी: केजी से 12वीं तक
मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट और 44 डिग्री तक पहुंचते पारे को देखते हुए विभाग के संयुक्त सचिव मोइनुद्दीन खान ने अधिसूचना जारी की है। नई व्यवस्था के अनुसार:
केजी से कक्षा 8वीं तक: सुबह 7:00 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक: सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
शिक्षकों के लिए नियम: 1 बजे तक करना होगा काम
हालांकि विद्यार्थियों के लिए छुट्टी का समय घटा दिया गया है, लेकिन शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए नियम अलग हैं। सभी सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
बच्चों की छुट्टी के बाद के इस समय का उपयोग शिक्षक अपने पेंडिंग गैर-शैक्षणिक कार्यों, रजिस्टर मेंटेनेंस और अन्य प्रशासनिक कार्यों को पूरा करने में करेंगे।
अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी व्यवस्था
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह समय सारिणी अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, राज्य के कई जिलों में लू का कहर अभी और बढ़ सकता है, जिसे देखते हुए अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।