6 गेंदों पर 6 विकेट, इलेक्ट्रीशियन ने वर्ल्‍ड क्रिकेट में मचाया हंगामा; ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुद नहीं कर पा रहे यकीन-

 6 गेंदों पर 6 विकेट, इलेक्ट्रीशियन ने वर्ल्‍ड क्रिकेट में मचाया हंगामा; ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुद नहीं कर पा रहे यकीन- 


इंग्लैंड के तेज गेंदबाज माइल्स डेविस ने साउथ स्टैफर्डशायर काउंटी लीग में पेनक्रिज क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 6 गेंदों में 6 विकेट लेकर इतिहास रच ...और पढ़ें






क्रिकेट के खेल में बल्लेबाजों का बोलबाला रहता है, लेकिन हाल ही में एक गेंदबाज ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने वर्ल्ड क्रिकेट में हंगामा मचा दिया है।

ये कारनामा है, क्रिकेट मैच में 6 गेंदों में 6 विकेट लेने का, जो आज तक इंटरनेशनल क्रिकेट में तो कभी नहीं हो सका है, लेकिन लीग या क्लब क्रिकेट में ऐसे पहले भी कई बार हो चुका है।

इस बार जो खिलाड़ी चर्चा में है, वो इंग्लैंड के तेज गेंदबाज माइल्स डेविस हैं, जिन्होंने साउथ स्टैफर्डशायर काउंटी लीग में इतिहास रच दिया है। एक ही स्पेल में उन्होंने 6 गेंदों पर 6 विकेट लेकर सनसनी मचा दी। उनका ये ऐतिहासिक प्रदर्शन काउंटी लीग के मुकाबले में पेनक्रिज क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए पेल्सॉल क्रिकेट क्लब के खिलाफ आया।


उनकी इस डबल हैट्रिक के दम पर पेनक्रिज ने मैच 116 रन से अपने नाम किया, लेकिन उनके उस स्पेल की चर्चा जीत से ज्यादा रही, जिसने मैच का रुख बदल दिया।
1 ओवर में ताश के पत्तों की तरह बिखरी पूरी टीम

दरअसल, मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पेनक्रिज की टीम 168 रन पर सिमट गई। जवाब में पेलसॉल की टीम 49/2 के स्कोर पर टीम की पारी को संभालने की कोशिश कर रही थी। तभी माइल्स डेविस ओवर डालने आए और 9वें ओवर की शुरुआत उन्होंने एक वाइड डालकर की, लेकिन फिर जो हुआ वो इतिहास बन गया।

इस ओवर की आखिरी दो गेंदों पर उन्होंने लगातार दो बल्लेबाजों को बोल्ड किया। फिर 10वें ओवर की पहली गेंद पर विकेटकीपर ने कैच लपका। इसके बाद अगली तीन गेंदों पर तीन बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड करके उन्होंने डबल हैट्रिक पूरी की।


इस तरह देखते ही देखते स्कोर 49/2 से 49/9 हो गया और मैदान पर एक दम सन्नाटा पसर गया। ये ऐसा स्पेल था, जिसे देखकर साथी खिलाड़ी भी हैरान रह गए। मैच देखने पहुंचे दर्शकों ने तो हैट्रिक बॉल के लिए पहले से ही मोबाइल निकाल लिया था, ताकि वो इसे रिकॉर्ड कर सकें।
खुद माइल्स को नहीं हुआ यकीन

मैच के बाद डेविस ने कहा, “ये अभी भी थोड़ा अविश्वसनीय लग रहा है। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है। चौथा विकेट गिरने के बाद मैं खुद हैरान था, और फिर ये सिलसिला चलता ही गया। मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था।”


बता दें कि उन्होंने 6 ओवर में 16 रन देकर 7 विकेट लिए, जो अपने आप में बेमिसाल आंकड़े हैं।


दुनिया में सिर्फ 7 बार हुआ है ऐसा कारनामा

क्लब के चेयरमैन जॉन प्राइस के अनुसार, क्रिकेट इतिहास में ये उपलब्धि अब तक सिर्फ 7 बार ही हासिल की गई है। खास बात यह है कि डेविस यूके में ऐसा करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। प्राइस ने कहा, “यह बहुत बड़ी उपलब्धि है और हमें उन पर बेहद गर्व है।”
साथी की वजह से खेल पाए मैच

डेविस पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं और वो यह मैच लगभग मिस करने वाले थे। लेकिन उनके एक सहकर्मी ने शिफ्ट कवर कर ली, जिससे वह मैदान पर उतर सके।


डेविस ने मजाकिया अंदाज में कहा, “अपने उस साथी को धन्यवाद देना चाहूंगा, जिसकी वजह से मैं यह मैच खेल पाया। शायद अब इससे बड़ा कुछ नहीं हो सकता।”

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »