मंत्रियों के सही नाम जानने वाले अभ्यर्थियों के पक्के हैं 4 प्रश्नों के अंक, उत्पाद सिपाही परीक्षा में पूछा गया सवाल
झारखंड उत्पाद सिपाही नियुक्ति परीक्षा-2023 में सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र में झारखंड के मंत्रियों और उनके विभागों से संबंधित चार प्रश्न पूछे गए थे। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा में मंत्रियों के विभागों पर चार प्रश्न।
सही जानकारी रखने वाले अभ्यर्थियों को इन प्रश्नों में पूरे अंक।
परीक्षा 370 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न, 80% से अधिक उपस्थिति।
रविवार को संपन्न झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की झारखंड उत्पाद सिपाही नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में सम्मिलित जो अभ्यर्थी झारखंड के सभी मंत्रियों और उनके विभागों की सही जानकारी रखते होंगे, उनके चार प्रश्नों के पूर्ण अंक मिलने तय हैं।
दरअसल, इस परीक्षा के सामान्य अध्ययन विषय के प्रश्नपत्र में पूछे गए 120 प्रश्नों में चार प्रश्न मंत्रियों और उनके विभाग से संबंधित थे। इस तरह, मंत्रियों के विभाग की जानकारी रखनेवाले अभ्यर्थियों के इनमें पूरे अंक मिलेंगे।
मंत्रियों के विभाग से पूछे गए प्रश्न
इस पत्र में एक प्रश्न पूछा गया कि 2025 तक, झारखंड झारखंड के वित्त विभाग के प्रभारी मंत्री कौन हैं? इसके चार विकल्प दीपक बिरूआ, राधाकृष्ण किशोर, इरफान अंसारी तथा संजय प्रसाद यादव थे। सही उत्तर राधाकृष्ण किशोर है।
इसी तरह, एक प्रश्न था कि 2025 तक झारखंड में जल संसाधन तथा अल्पसंख्यक कल्याणकारी विभाग के प्रभारी मंत्री कौन हैं? इसके चार विकल्प इरफान अंसारी, राधा कृष्ण किशोर, हफीजुल हसन, संजय प्रसाद यादव दिए गए थे। सही उत्तर हफीजुल हसन है।
तीसरा प्रश्न था कि झारखंड (2025) में ग्रामीण विकास और पंचायत राज विभाग के लिए कौन से मंत्री उत्तरदायी हैं? इस प्रश्न के चार विकल्प के रूप में दीपिका पांडेय सिंह, हफीजुल हसन, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद का नाम था। इसका सही उत्तर दीपिका पांडेय सिंह है।
एक अन्य प्रश्न पूछा गया कि 2025 तक झारखंड में श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के प्रभारी मंत्री कौन हैं? इसके चार विकल्प दीपक बिरूआ, संजय प्रसाद यादव, चमरा लिंडा तथा दीपिका पांडेय सिंह थे, जिनमें संजय प्रसाद यादव सही उत्तर है।
चार मंत्रियों के बारे में प्रश्न पूछा जाना गलत नहीं है, लेकिन एक ही पैटर्न के चार प्रश्न होने पर सवाल उठ सकते हैं। इधर, यह प्रतियोगिता परीक्षा राज्य के आठ जिलों के 370 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। कुल 583 पदों के लिए आयोजित होनेवाली इस परीक्षा के लिए 1,48,224 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया गया था।
परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई। आयोग के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता के अनुसार, यह परीक्षा सभी केंद्रों पर पूरी तरह शांतिपूर्ण व कदाचाररहित संपन्न हुई है। कहीं किसी तरह की समस्या या गड़बड़ी की रिपोर्ट नहीं है।
80 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति का अनुमान
जेएसएससी के सचिव के अनुसार, इस परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति का अनुमान है। हालांकि देर रात तक केंद्रों से अंतिम रिपोर्ट आ ही रही थी। उनके अनुसार, वास्तविक उपस्थिति का आंकड़ा सोमवार तक संकलित किया जाएगा।