झारखंड में अफीम तस्करों से सांठगांठ और वसूली के आरोप में 3 पुलिसकर्मी निलंबित, चतरा SP की बड़ी कार्रवाई
चतरा के गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। उन पर अफीम तस्करों से कथित सांठगांठ, अवैध वसूली और कार्य में ...और पढ़ें

गिद्धौर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित।
अफीम तस्करों से सांठगांठ और अवैध वसूली के आरोप।
वायरल वीडियो के बाद चतरा एसपी की कार्रवाई।
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर थाना में पदस्थापित थाना प्रभारी शिवा यादव व दो पुलिसकर्मियों पर गाज गिर गई है। कार्य में लापरवाही, अफीम तस्करों के साथ कथित सांठगांठ तथा अवैध वसूली के गंभीर आरोपों के बीच पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी शिवा यादव, मुंशी महेश यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताया जाता है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ कर्मियों द्वारा राजपुर थाना क्षेत्र के बिंधानी गांव में सादे लिबास में ब्राउन शुगर तस्कर के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार करने गए थे। जिसका विरोध ग्रामीणों ने किया। जबकि एक वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
पुलिस की भूमिका पर उठ रहे थे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।
सूत्रों के अनुसार, गिद्धौर थाना क्षेत्र में अफीम तस्करी की गतिविधियों को लेकर पहले से ही शिकायतें मिल रही थीं। बावजूद इसके अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे थे। वायरल वीडियो ने इन आशंकाओं को और बल दिया, जिसके बाद उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
कर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि विभागीय अनुशासन और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मामले की विस्तृत विभागीय जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में संदेश गया है कि लापरवाही या भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।