'हमने कोई मिसाइल नहीं दागी', NATO के एक्शन के बाद ईरान की सफाई
ईरान और तुर्किए के बीच कूटनीतिक तनाव बढ़ गया है। तुर्किए ने दावा किया कि नाटो ने पूर्वी भूमध्य सागर में ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को नष्ट कर ...और पढ़ें

ईरान और तुर्किए के बीच जारी कूटनीतिक तनाव उस वक्त चरम पर पहुंच गया, जब तुर्किए के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि नाटो की रक्षा प्रणालियों ने ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को पूर्वी भूमध्य सागर के ऊपर नष्ट कर दिया है।
एक ओर तुर्किए ने इस कार्रवाई को संप्रभुता के खिलाफ एक शत्रुतापूर्ण कार्रवाई बताते हुए ईरान को चेतवानी दी, वहीं ईरान के सशस्त्र बलों ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने तुर्किए की ओर कोई मिसाइल नहीं दागी है।
नाटो ने किया नष्ट
दरअसल, बुधवार को तुर्किए रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "ईरान से दागा गया एक बैलिस्टिक गोला-बारूद, जिसे इराकी और सीरियाई हवाई क्षेत्र से गुजरते हुए तुर्की हवाई क्षेत्र की ओर बढ़ते हुए देखा गया था, उसे पूर्वी भूमध्य सागर में तैनात नाटो की वायु और मिसाइल रक्षा संपत्तियों द्वारा समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।"
हालांकि, तुर्किये ने यह भी कहा कि यह स्पष्ट नहीं था कि मिसाइल का निशाना कहां था। इसमें कहा गया है कि कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है, और यह भी कहा गया है कि अंकारा अपने खिलाफ किसी भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई का जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखता है, इसके साथ ही संबंधित पक्षों को संघर्ष को बढ़ाने से बचने की चेतावनी दी गई है।
तुर्किए के राष्ट्रपति की चेतावनी
तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि देश अपने नाटो सहयोगियों के साथ परामर्श करके सभी आवश्यक सावधानियां बरत रहा है और इस तरह की घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी जारी कर रहा है।
शांति और सुकून से रहना चाहते हैं तो...
तुर्किए के राष्ट्रपति ने कहा, "यदि हम एक राष्ट्र के रूप में शांति और सुकून से रहना चाहते हैं तो हमें अपनी निवारक क्षमताओं को लगातार बढ़ाना होगा। इन कठिन समयों में हम अपनी सीमाओं और हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के संबंध में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।"
ईरान ने किया इनकार
हालांकि, तुर्किए द्वारा जारी बयान के बाद ईरान के सशस्त्र बलों की प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान के सशस्त्र बलों ने तुर्किए क्षेत्र की ओर किसी भी मिसाइल को दागने से इनकार किया है और इस बात पर जोर दिया है कि ईरान तुर्की की संप्रभुता का सम्मान करता है।