टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में गुरुवार को भारतीय टीम ने बेहद ही रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से शिकस्त दी। ...और पढ़ें
भारतीय टीम ने 7 रन से जीता सेमीफाइनल
फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से
8 मार्च को खेला जाएगा फाइनल मैच
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में गुरुवार को भारतीय टीम ने बेहद ही रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से शिकस्त दी। सांस थमा देने वाला यह मैच अंत में ओवर दर ओवर करवट बदल रहा था। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने संजू सैमसन (89) की पारी की बदौलत बोर्ड पर 253 रन लगा दिए। ऐसे में लगा की टीम इंडिया आसानी से इस मैच को जीत लेगी।
हालांकि, क्रिकेट के जन्मदाता से भारत को कड़ी टक्कर मिली। जैकब बेथल अकेले ही इंग्लैंड की नैया को पार लगाने में जुटे थे। 15 ओवर तक मैच पूरी तरह इंग्लैंड की गिरफ्त में नजर आ रहा था। टीम ने 5 ओवर के नुकसान पर 185 रन बना लिए थे। बेथल और सैम करन सेट थे। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगाम कसी और भारत को करीबी अंतर से जीत दिला दी। आइए इस मुकाबले में भारत की हीरो जानते हैं।
संजू सैमसन
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए संजू सैमसन लगातार दूसरे मैच में शतक से चूक गए। वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के अंतिम मैच में नाबाद 97 रन बनाने वाले संजू ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 42 गेंदों पर 89 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौकों के साथ ही 7 छक्के भी लगाए। इस पारी की बदौलत भारत को बड़ा स्कोर बनाने में मदद मिली।
जसप्रीत बुमराह
इंग्लैंड के बल्लेबाज जब भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई कर रहे थे तब जसप्रीत बुमराह ने साबित किया कि उन्हें क्यों महान गेंदबाजों में शुमार किया जाता है। भारतीय तेज गेंदबाज ने अपने कोटे के 4 ओवर में 8.20 की इकोनॉमी ने 33 रन देकर 1 विकेट चटकाया। डेथ ओवर्स में बुमराह ने मैच ही पलट दिया। उन्होंने 16वें ओवर में 8 और 18वें ओवर में सिर्फ 6 रन दिए। प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए संजू ने भी कहा कि इस अवॉर्ड के असली हकदार बुमराह हैं।
अक्षर पटेल
टीम इंडिया के उपकप्तान अक्षर पटेल ने मुकाबले में 2 कैच लपके। इनमें से 1 कैच तो गेम चेंजिंग साबित हुआ। जसप्रीत बुमराह की गेंद पर अक्षर ने पीछे की ओर भागते हुए इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का उम्दा कैच लिया। इसके बाद 14वें ओवर में डीप प्वाइंट पर यादगार कैच लिया। उन्होंने लंबी दौड़ लगाने के बाद विल जैक्स का कैच को लिया। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ रहा था ऐसे में उन्होंने गेंद को बाउंड्री पर खड़े शिवम दुबे की ओर उछाल दिया। ऐसे में यह कैच शिवम दुबे के खाते में गया।
शिवम दुबे
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जा रहा था। ऐसे में शिवम दुबे को बल्लेबाजी में प्रमोट कर 4 नंबर पर भेजा गया। होम ग्राउंड पर मिले मौके का शिवम ने पूरा फायदा उठाया और वह रन मशीन बन गए। उन्होंने 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से 25 गेंदों पर 43 रन की आतिशी पारी खेली और रन गति पर लगाम नहीं लगने दी। हालांकि, अंत में वह हार्दिक पांड्या के साथ तालमेल में कमी के कारण रन आउट हुए।
ईशान किशन
अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद 3 नंबर पर उतरे ईशान किशन ने संजू सैमसन का पूरा साथ दिया और तेजी से रन बनाए। ईशान ने 18 गेंदों पर 39 रन की उम्दा पारी खेली। अपनी इस पारी में भारतीय बल्लेबाज ने 4 चौके और 2 छक्के भी लगाए। ईशान और संजू के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 97 रन की पार्टनरशिप हुई।