श्रीलंकाई गेंदबाज ने पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक के एक्शन को किया कॉपी, अंपायर के फैसले ने सभी को चौंकाया
पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक अपनी खास बॉलिंग स्टाइल के कारण टी20 विश्व कप 2026 के दौरान चर्चा में रहे। ...और पढ़ें
-1774461962868_v.webp)
लगातार चर्चा में रहे तारिक।
अंपायर ने डेड बॉल करार दे दिया
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
रिचमंड और महिंदा कॉलेज के बीच मैच
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक अपनी खास बॉलिंग स्टाइल के कारण टी20 विश्व कप 2026 के दौरान चर्चा में रहे। इस स्पिनर की गेंदबाजी में कई वैरिएशन हैं, लेकिन उनकी गेंदबाजी का अंदाज सबसे ज्यादा चर्चा का विषय है। उस्मान साइड-आर्म एक्शन के दौरान रुकते हैं और फिर गेंद फेंकते हैं।
बल्लेबाजों को उनकी इस अनोखे गेंदबाजी एक्शन का सामना करना बेहद मुश्किल लगता है, यहां तक कि कुछ गेंदबाजों ने इसकी वैधता पर भी सवाल उठाए हैं। जनवरी में हुए एक टी20 मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने तारिक पर 'चकिंग' का आरोप लगाया था। दिलचस्प बात यह है कि तारिक के एक्शन को ICC ने दो बार मंजूरी दी है।
कई स्पिनर आजमा रहे यह एक्शन
तारिक की यूनिक गेंदबाजी एक्शन की सफलता को देखते हुए कई स्पिनर इसे अपना रहे हैं। श्रीलंका में एक क्रिकेट मैच के दौरान भी ऐसी ही घटना घटी, लेकिन अंपायर के फैसले ने सबको चौंका दिया। मामला रिचमंड कॉलेज और महिंदा कॉलेज के बीच मुकाबले का है। रिचमंड की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर नेथुजा बशीता ने तारिक के गेंदबाजी एक्शन की नकल करने की कोशिश की। बशीता ने गेंद फेंकने में काफी देर लगा दी। जैसी ही उन्होंने गेंद फेंकी, अंपायर ने उसे 'डेड बॉल' करार दे दिया।
विश्व कप में रहे फीके
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 में उम्मीद थी कि उस्मान अपने एक्शन से बल्लेबाजों को परेशान करेंगे। हालांकि, पाकिस्तान के इस स्पिनर का टूर्नामेंट कुछ खास नहीं रहा। पाकिस्तान टीम सुपर आठ चरण में ही बाहर हो गई और सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही। उस्मान ने छह मैचों में 7.23 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट लिए।
मुझे उम्मीद नहीं थी
टूर्नामेंट के दौरान तारिक ने कहा, "मुझे उम्मीद नहीं थी कि मुझे सभी दिग्गजों और आप लोगों (कमेंटेटरों) से इतनी तारीफ मिलेगी। मैं हर पल का आनंद ले रहा हूं और अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं।" तारिक, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में टेनिस बॉल से खेलते हुए अपनी गेंदबाजी शैली को निखारा। उन्होंने कहा कि उनकी अनूठी गेंदबाजी तकनीक शुरू से ही उनके खेल का हिस्सा रही है और आज भी उनके लिए कारगर साबित हो रही है।
उस्मान ने किया खुलासा
उस्मान ने कहा, "यह एक्शन भी मैंने टेनिस बॉल से गेंदबाजी करते समय ही विकसित किया। अगर आप मेरी गेंदबाजी को स्लो मोशन में देखेंगे, तो आपको पता चलेगा कि टाइमिंग अभी भी वैसी ही है, लेकिन मैं धीरे-धीरे चलता हूं। मैं बस अपनी गेंदबाजी शैली के छोटे-छोटे अंतरालों को कम करने की कोशिश करता हूं। इसी तरह यह मेरे लिए कारगर साबित हो रही है।"